Trending

मुल्तान टेस्ट में इंग्लैंड जीत की ओर, ब्रूक की ट्रिपल, रूट की डबल सेंचुरी

पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड टीम मुल्तान टेस्ट में जीत के करीब आ गई है। गुरुवार को मुकाबले के चौथे दिन इंग्लैंड ने पहली पारी 823/7 के स्कोर पर डिक्लेयर की। टीम को 267 रन की बढ़त मिली। जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान ने दूसरी पारी में 152 रन पर 6 विकेट खो दिए हैं।

@Getty Images

इंग्लिश टीम ने चौथे दिन की शुरुआत 492/3 के स्कोर से की थी। इससे पहले, पाकिस्तान की टीम पहली पारी में 556 रन पर ढेर हो गई थी।

पाकिस्तान की ओर से दूसरी पारी में आगा सलमान 41 और आमिर जमाल 27 रन बनाकर नाबाद लौटे। साउद शकील 29, सईम अयूब 25, शान मसूद 11 और मोहम्मद रिजवान 10 रन बनाकर आउट हुए।

इंग्लैंड के लिए दूसरी पारी में अभी तक गस एटकिंसन और ब्रायडन कार्स 2-2 विकेट लिए हैं। जैक लीच और क्रिस वोक्स को 1-1 विकेट मिला। इंग्लैंड के लिए पहली पारी में क्रिस वोक्स 17 और ब्रायडन कार्स 2 रन पर नाबाद लौटे। हैरी ब्रूक ने 317 रन की पारी खेली।

उन्होंने मुल्तान में वीरेंद्र सहवाग के 20 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ा। सहवाग ने 2004 में पाकिस्तान के खिलाफ 309 रन की पारी खेली थी। तब सहवाग को ‘मुल्तान का सुल्तान’ टैग मिला था। ब्रूक के अलावा, जो रूट 262 रन बनाकर आउट हुए। बेन डकेट ने 84 और जैक क्रॉले ने 78 रन बनाए।

जो रूट और हैरी ब्रूक के बीच 454 रन की साझेदारी हुई। आगा सलमान ने रूट को एलबीडबल्यू करते हुए यह साझेदारी ब्रेक की। रूट 4 रन पर ओली पॉप के आउट होने के बाद खेलने उतरे थे।

एक दिन पहले बुधवार को इंग्लैंड की टीम 500 के करीब आ गई थी। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक टीम ने तीन विकेट पर 492 रन बना लिए थे।

जो रूट और हैरी ब्रूक नाबाद रहे। रूट 176 रन बनाकर दोहरे शतक के करीब हैं। जबकि हैरी ब्रुक ने 141 रन बना लिया है। दोनों के बीच नाबाद 243 रन पार्टनरशिप हो चुकी है। बेन डकेट (84 रन) को आमिर जमाल ने एलबीडबल्यू आउट किया।

रूट टेस्ट में इंग्लैंड के टॉप स्कोरर बन गए हैं। रूट ने इंग्लैंड के पूर्व ओपनर एलिस्टर कुक (12472 रन) को पीछे छोड़ा। वे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर्स की लिस्ट में 5वें नंबर पर हैं।