महिला टी-20 विश्व कप : करिश्मा ने वेस्टइंडीज को दिलाई जीत, बांग्लादेश की आठ विकेट से हार
ऑफ स्पिनर करिश्मा रामहैरक (17 रन देकर चार विकेट) की गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन से वेस्टइंडीज ने महिला टी20 विश्व कप के ग्रुप बी मैच में बांग्लादेश को 43 गेंद रहते आठ विकेट से हराया।

वेस्टइंडीज की यह दूसरी जीत है जिससे वह चार अंक लेकर 1.708 के नेट रन रेट के आधार पर ग्रुप बी में शीर्ष पर पहुंच गया है जिससे उसकी सेमीफाइनल की संभावनायें मजबूत हुई। इस हार से बांग्लादेश का नेट रन रेट -0.835 हो गया।
बल्लेबाजी के लिए आने के बाद बांग्लादेश आठ विकेट पर 103 रन ही बना सकी। वेस्टइंडीज ने 12.5 ओवर में दो विकेट पर 104 रन बनाकर जीत हासिल की। वेस्टइंडीज के लिए कप्तान हैली मैथ्यूज 22 गेंद में 34 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहीं।
स्टेफनी टेलर ने रिटायर्ड हर्ट होने से पहले 27 रन और शमैन कैंपबेल ने 21 रन बनाये। डायंड्रा डोटिन ने सात गेंद में दो छक्के और एक चौके से नाबाद 19 रन बनाये। डायंड्रा ने 13वें ओवर में दो छक्के जड़कर वेस्टइंडीज को लक्ष्य तक पहुंचाया।
बांग्लादेश की बल्लेबाजी इकाई इस मैच में रन जुटाने में विफल रही जिसमें कप्तान निगार सुल्ताना 39 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहीं। दिलारा अख्तर ने 19 रन बनाये।
शोभना मोस्तारी ने बांग्लादेश को स्कॉटलैंड के खिलाफ प्रतिस्पर्धी स्कोर बनाने में मदद की थी और इंग्लैंड के खिलाफ 44 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रही थीं। वह 16 रन ही बना सकीं। वेस्टइंडीज के लिए करिश्मा के अलावा ऐफी फ्लेचर ने 25 रन देकर दो विकेट झटके। कप्तान हेली मैथ्यूज को एक विकेट की सफलता मिली।
कप्तान मैथ्यूज ने टॉस जीतकर बांग्लादेश को बल्लेबाजी के लिए बुलाया और गेंदबाज करिश्मा ने अपने दो ओवरों में एक एक विकेट झटककर अच्छी शुरूआत की। बांग्लादेश की सलामी बल्लेबाज साथी रानी को स्टंप आउट कराने के बाद करिश्मा ने दिलारा अख्तर (19 रन) को आउट किया, जिससे 33 रन पर दो विकेट गिर चुके थे।
शोभना और सुल्ताना ने तीसरे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी करके स्कोर 73 रन तक पहुंचाया। करिश्मा ने शोभना को विकेटकीपर के हाथों स्टंप आउट कराया। ताज नहर और शोरना अख्तर आते ही पवेलियन लौट गईं जिससे स्कोर पांच विकेट पर 75 रन हो गया।
ऋतु मोनी (10 रन) करिश्मा का चौथा शिकार हुईं। अंतिम ओवर में वेस्टइंडीज की कप्तान मैथ्यूज ने बांग्लादेश की कप्तान निगार को आउट किया और फाहिमा खातून रन आउट हुईं।