Trending

विश्व कप 2026 क्वालीफायर : चिली पर ब्राजील की 2-1 से जीत

स्थानापन्न खिलाड़ी लुइज हेनरिक के 89वें मिनट में दागे गोल से ब्राजील ने शुरू में पिछड़ने के बाद वापसी करके विश्व कप 2026 के क्वालीफाइंग मैच में चिली पर 2-1 से जीत हासिल की। ब्राज़ील दक्षिण अमेरिकी क्वालीफाइंग में राउंड रॉबिन प्रतियोगिता के नौवें दौर के बाद चौथे स्थान पर पहुंच गया है।

साभार : गूगल

इससे पहले लियोनेल मेस्सी की अगुवाई वाली अर्जेंटीना ने वेनेजुएला के शहर माटुरिन के मोनुमेंटल स्टेडियम में मैदान गीला होने के कारण 30 मिनट की देरी से शुरू हुए मैच में वेनेजुएला को 1-1 से ड्रॉ पर रोका।

अर्जेंटीना 10 टीमों के दक्षिण अमेरिकी क्वालीफायर में नौ मैचों के बाद 19 अंक लेकर शीर्ष पर है। बोलीविया से 1-0 से हारने के बावजूद कोलंबिया के 16 अंक हैं और वह दूसरे स्थान पर है। उरुग्वे 15 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है, ब्राजील के 13 अंक हैं।

दक्षिण अमेरिका में खराब प्रदर्शन करने वाली चिली टीम ने सेंटियागो के नेशनल स्टेडियम में खेले गए मैच में अनुभवी स्ट्राइकर एडुआर्डो वर्गास के गोल से बढ़त हासिल की। ब्राजील की तरफ से पहले हाफ के इंजरी टाइम में स्ट्राइकर इगोर जीसस ने हेडर से बराबरी का गोल किया।

वेनेजुएला के खिलाफ मैच में डिफेंडर निकोलस ओटामेंडी ने 13वें मिनट में अर्जेंटीना के लिए गोल किया। मेस्सी के क्रॉस और गोलकीपर राफेल रोमो की गलती के बाद उन्होंने गेंद को खाली नेट में डाला। सॉलोमन रोंडन ने 65वें मिनट में हेडर से गोल करके वेनेजुएला को बराबरी दिलाई।