Trending

रणजी ट्रॉफी : धीरू का शतक, सुमित भी चमके, हरियाणा का स्कोर 431/9

धीरू सिंह (103) और सुमित कुमार (61) रन की पारी से मेहमान हरियाणा टीम ने यूपी के खिलाफ रणजी ट्रॉफी के ग्रुप सी के मैच के दूसरे दिन अपनी पहली पारी में नौ विकेट पर 431 रन बनाकर अपनी स्थिति काफी मजबूत कर ली है।

आनंदराम जयपुरिया स्कूल के स्पोर्ट्स गैलेक्सी ग्राउंड पर रणजी ट्रॉफी के दूसरे दिन का मैच खत्म होने पर युजवेंद्र चहल (38) और अमन कुमार (8) रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए है। हरियाणा ने 180 ओवर में 431 रन बनाए हैं। टीम के 9 विकेट गिरे हैं।

ऐसे में यूपी के लिए तीसरे दिन काफी अहम होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश की तरफ विराज निगम और शिवम शर्मा ने क्रमश: तीन-तीन विकेट झटके, यश दयाल ने दो विकेट झटके। मैच के दूसरे दिन हरियाणा की टीम ने कल के स्कोर छह विकेट पर 246 रन से आगे खेलना शुरू किया।

धीरू सिंह ने उम्दा बल्लेबाजी करते हुए सुमित कुमार के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 113 रन की अहम साझेदारी कर यूपी के गेंदबाजों को एक बार फिर विकेट के लिए तरसा दिया।

इस जोड़ी को तोड़ने का पूरा श्रेय निगम को जाता है जिन्होंने सुमित कुमार को यश दयाल के हाथों कैच कराकर इस जोड़ी को तोड़ा। सुमित कुमार ने 191 गेंदों पर पांच चौके से 61 रन की जुझारू पारी खेली।

वहीं दूसरे छोर धीरू सिंह ने मोर्चा संभाले रखा और शानदार शतक जडक़र हरियाणा को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। धीरू सिंह 256 गेंदों पर आठ चौके व एक छक्के से 103 रन की  पारी खेली।