Trending

बेंगलुरु टेस्ट : भारत की 8 विकेट से हार, न्यूजीलैंड को सीरीज में बढ़त

भारत और न्यूजीलैंड के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए पहले टेस्ट में टीम इंडिया को 8 विकेट से हार मिली। कीवी टीम ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।

@BLACKCAPS

बारिश से प्रभावित इस मैच में कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी और पूरी टीम 46 रनों पर ढेर हो गई थी। दूसरी पारी में सरफराज खान, ऋषभ पंत, विराट कोहली द्वारा अच्छी कोशिशों के बावजूद टीम इंडिया पहली पारी के बेहद कम स्कोर से अंत तक वापसी नहीं सकी।

भारत ने दूसरी पारी में 462 रन बनाए थे और चौथी पारी में न्यूजीलैंड को जीत के लिए 107 रनों का स्कोर दिया था। कीवी टीम ने यह स्कोर पांचवें और अंतिम दिन 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। अंतिम दिन न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम को जसप्रीत बुमराह ने बगैर खाता खोले एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया था।

दूसरे ओपनर डेवोन कॉन्वे को 17 रनों के निजी स्कोर पर इसी तरह से आउट कर दिया गया। विल यंग (48) और रचिन रविंद्र (39) के बीच बनी अर्धशतकीय भागीदारी ने न्यूजीलैंड की 8 विकेट से जीत पक्की की। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने 8 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट झटके। भारत ने चौथी पारी में अपने पांच गेंदबाजों का इस्तेमाल किया।

इससे पहले न्यूजीलैंड ने पहली पारी के दौरान रचिन रवींद्र के शानदार शतक, कॉन्वे के 91 रन और निचले क्रम पर टिम साउदी द्वारा बनाए गए अहम 65 रनों से 402 रनों का स्कोर खड़ा किया था। भारत की ओर से पहली पारी के फ्लॉप शो के बाद दूसरी पारी में सरफराज खान ने शानदार 150 रनों की पारी खेली थी। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने भी 105 गेंदों पर तेज 99 रन बनाए थे।

इससे पहले रोहित शर्मा ने 52 और विराट कोहली ने 70 रनों का योगदान दिया था। एक समय भारत का स्कोर 4 विकेट पर 433 रन था। निचले मध्यक्रम और निचले क्रम के सस्ते में ढहने के बाद भारतीय पारी 462 रनों पर ढेर हो गई थी।