मुंबई टेस्ट Day 2 : न्यूजीलैंड के 9 विकेट पर 171 रन, 143 रन की कुल बढ़त
न्यूजीलैंड ने वानखेड़े स्टेडियम में जारी तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर अपनी दूसरी पारी में 9 विकेट पर 171 रन बना लिए हैं। एजाज पटेल 9 रन बनाकर खेल रहे हैं।
न्यूजीलैंड की बढ़त 143 रनों की हो गई है। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 235 रन बनाए थे, जिसके बाद भारत ने अपनी पहली पारी में 263 रन बनाए और 28 रनों की बढ़त हासिल की।

दूसरी पारी में न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही और आकाशदीप ने पहले ही ओवर में कीवी कप्तान टॉम लैथम (01) को बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद 39 के कुल स्कोर पर वाशिंगटन सुंदर ने डेवोन कॉनवे (22) को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई।
रचिन रवींद्र कुछ खास नहीं कर सके और केवल 4 रन बनाकर अश्विन की गेंद पर स्टम्प आउट हो गए। यहां से विल यंग और डेरिल मिचेल ने संभलकर खेलते हुए टीम का स्कोर 94 के स्कोर तक पहुंचाया।
इसी स्कोर पर रवींद्र जडेजा ने मिचेल को आउट कर भारत को चौथी सफलता दिलाई। मिचेल ने 21 रन बनाए। जडेजा ने 100 के कुल स्कोर पर टॉम ब्लंडेल (04) को आउट कर भारत को पांचवीं सफलता दिलाई।

ग्लेन फिलिप्स और यंग ने 31 रनों की तेज साझेदारी की। फिलिप्स ज्यादा आक्रामक रहे, उन्होंने केवल 14 गेंदों पर तीन छक्के और 1 चौके से 26 रन बनाए। 131 के कुल स्कोर पर अश्विन ने उन्हें बोल्ड कर यह साझेदारी तोड़ी। 148 के कुल स्कोर पर जडेजा ने ईश सोढ़ी (08) को आउट कर न्यूजीलैंड को सातवां झटका दिया।
इस दौरान विल यंग ने अपना अर्धशतक पूरा किया, हालांकि अपना अर्धशतक पूरा करने के बाद यंग अश्विन का शिकार बने। यंग ने 100 गेंदों पर 2 चौके एक छक्के से 51 रन बनाए।
जडेजा ने 171 के कुल स्कोर पर मैट हेनरी (10) को बोल्ड किया, जिसके बाद दिन का खेल समाप्त घोषित किया गया। भारत की तरफ रवींद्र जडेजा ने 4, रविचंद्रन अश्विन 3, आकाशदीप और वाशिंगटन सुंदर 1-1 विकेट लिया।

इससे पहले शुभमन गिल (90), ऋषभ पंत (60) के शानदार अर्धशतक और आखिरी में वाशिंगटन सुंदर (नाबाद 38) की महत्वपूर्ण पारी से भारत ने अपनी पहली पारी मे 263 रन बनाए और 28 रनों की बढत हासिल की। वहीं, न्यूजीलैंड की तरफ से एजाज पटेल ने 4 विकेट झटके। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 235 रन बनाए थे।
न्यूजीलैंड की ओर से एजाज पटेल ने 5, मैट हेनरी, ग्लेन फिलिप्स और ईश सोढ़ी ने 1-1 विकेट लिया। इससे पहले न्यूजीलैंड ने बल्लेबाजी करते हुए 235 रन बनाए।
टीम के लिए कप्तान टॉम लैथम ने 28, विल यंग ने 71 और डेरिल मिचेल ने 82 रन की पारी खेली। भारत की तरफ से रविन्द्र जडेजा ने 5 विकेट, वॉशिंगटन सुंदर ने 4 विकेट और आकाशदीप को एक सफलता मिली।