Trending

बीसीसीआई के इस नियम के चलते बेन स्ट्रोक्स पर मंडराया बैन का खतरा

आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन का मंच सज चुका है। बीसीसीआई ने मेगा ऑक्शन की तारीख के साथ वेन्यू और रजिस्टर करने वाले खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है।

साभार : गूगल

आईपीएल 2025 का मेगा ऑक्शन 24 और 25 नवंबर को सऊदी अरब के जेद्दा में होगा। इस बार नीलामी के लिए 1574 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।

इस लिस्ट में इंग्लैंड के टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स का नाम नहीं है। मेगा ऑक्शन में खुद को रजिस्टर ना कराने का खामियाजा स्टोक्स को आईपीएल में बैन झेलकर चुकाना होगा। स्टोक्स बीसीसीआई के नियम के चलते आईपीएल के आगामी दो सीजन का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।

बीसीसीआई ने मेगा ऑक्शन से पहले आईपीएल की कुछ नई गाइडलाइन्स जारी की थी। इनमें एक नियम यह था कि अगर कोई विदेशी खिलाड़ी आईपीएल के मेगा ऑक्शन में खुद को रजिस्टर नहीं कराता तो वह अगले साल होने वाली नीलामी में हिस्सा लेने के लिए अयोग्य हो जाएगा। ऐसे में बेन स्टोक्स 2026 की नीलामी में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

बीसीसीआई के अनुसार, ‘किसी भी विदेशी खिलाड़ी को मेगा ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराना होगा। यदि विदेशी खिलाड़ी रजिस्ट्रेशन नहीं कराता है, तो वह अगले साल की नीलामी के लिए अयोग्य हो जाएगा।

बीसीसीआई ने यह नियम इसलिए बनाया क्योंकि बीते कुछ सालों में यह देखने को मिला था कि विदेशी खिलाड़ी मेगा ऑक्शन में हिस्सा ना लेने के बाद छोटे ऑक्शन में मोटी कमाई कर रहे थे। ऐसे में बीसीसीआई ने विदेशी खिलाड़ियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है।

बेन स्टोक्स इससे पहले भी ऐसा कर चुके हैं। 2022 के मेगा ऑक्शन से बाहर रहने के बाद वह 2023 की नीलामी में आए जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 16.25 करोड़ रुपए की मोटी रकम खर्च कर अपनी टीम में शामिल किया।