एडिलेड वनडे में पाकिस्तान की जीत, इस खास रिकॉर्ड में भारत को पीछे छोड़ा
पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज का दूसरा वनडे 9 विकेट से अपने नाम कर लिया। ऑस्ट्रेलियाई धरती पर वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में यह पाकिस्तान की 41वीं जीत थी, जिसके बाद उसने भारत को खास मामले में पीछे छोड़ दिया है।

ऑस्ट्रेलियाई धरती पर सबसे ज्यादा वनडे मैच जीतने वाली एशियाई टीम भारत और पाकिस्तान साथ-साथ थी, अब पाकिस्तान ने भारत को पीछे छोड़ दिया है। वनडे इंटरनेशनल में ऑस्ट्रेलिया ने अपनी सरजमीं पर सबसे ज्यादा 295 मैच जीते हैं। वहीं बाकी टीमों की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया में सबसे ज्यादा वनडे मैच जीतने के मामले में वेस्टइंडीज का नाम सबसे ऊपर आता है।
वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया में कुल 75 वनडे इंटरनेशनल मैच जीते हैं, इसके बाद इंग्लैंड का नाम आता है, जिसने ऑस्ट्रेलिया में 53 मैच जीते हैं।
पाकिस्तान तीसरे नंबर पर 41 मैचों में जीत के साथ है। वहीं भारत ने ऑस्ट्रेलिया में कुल 40 मैच जीते हैं। एशियाई टीमों में अब पाकिस्तान ने भारत को पीछे छोड़ दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज का पहला मैच तीन विकेट से जीता था।
मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने टॉस जीता और ऑस्ट्रेलिया को पहले बैटिंग का न्योता दिया। ऑस्ट्रेलियाई टीम 35 ओवर में ही 163 रनों पर ढेर हो गई। हारिस राउफ ने पांच विकेट चटकाए और प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गए। वहीं शाहीन अफरीदी ने तीन विकेट निकाले।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्टीव स्मिथ ने सबसे ज्यादा 35 रनों का योगदान दिया। स्मिथ के अलावा किसी और ऑस्ट्रेलियाई बैटर्स ने 20 रन तक नहीं बनाए। 13 से 19 रनों के बीच बाकी बैटर्स आउट होते गए। पाकिस्तान ने जवाब में 26.3 ओवर में ही एक विकेट पर 169 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। सैम अयूब ने 82 रनों की पारी खेली, वहीं अब्दुल्ला शफीक ने 64 रन बनाए।