पहले टेस्ट में रोहित शर्मा नहीं होंगे साथ, बुमराह होंगे कप्तान!
भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच से पहले बाकी टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया नहीं जा रहे हैं। इस बात का दावा एक रिपोर्ट में किया गया है। टीम रविवार और सोमवार को दो बैच में ऑस्ट्रेलिया जाने के लिए पूरी तरह तैयार है। हालांकि, जहां तक रोहित का सवाल है, अभी तक कुछ भी पुष्टि नहीं हुई है।

रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि रोहित ‘व्यक्तिगत कारणों’ से टीम के साथ यात्रा नहीं कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला टेस्ट मैच 22 नवंबर को पर्थ में शुरू होगा।
भारतीय टीम के तेज तर्रार और अनुभवी गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में भारत के उप कप्तान हैं। ऐसे में अगर कप्तान रोहित शर्मा पहले टेस्ट तक टीम के साथ जुड़े नहीं तो जसप्रीत बुमराह ही टीम की कमान संभालते हुए नजर आएंगे।
एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, रोहित शर्मा फिलहाल टीम इंडिया के साथ तो ट्रेवल नहीं कर रहे हैं। लेकिन अब तक वह पहला टेस्ट खेलने के लिए पूरी तरह से रूल्ड आउट नहीं हुए हैं।
बीसीसीआई सूत्र ने एक अंग्रेजी अखबार को बताया, हां, रोहित शर्मा टीम के साथ ट्रेवल नहीं कर रहे हैं। लेकिन वह पहला टेस्ट खेलने के लिए पूरी तरह से बाहर नहीं हुए हैं। वह बाद में ऑस्ट्रेलिया के लिए उड़ान भर सकते हैं।