एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी : भारत की जीत में संगीता कुमारी ने दो गोल
युवा स्ट्राइकर संगीता कुमारी के दो गोल से भारत ने मलेशिया को एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट के पहले मैच में 4-0 से हराया। भारत के लिये संगीता कुमारी ने आठवें और 55वें मिनट में, प्रीति दुबे ने 43वें और उदिता ने 44वें मिनट में गोल किये। भारत को कल दक्षिण कोरिया से खेलना है।

अन्य मैचों में जापान ने कोरिया से 2-2 से ड्रॉ खेला, ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन ने थाईलैंड को 15-0 से हराया। पहले क्वार्टर में पूरी तरह से भारत का दबदबा रहा, पहला पेनल्टी कॉर्नर पांचवें मिनट में मलेशिया को मिला, उस पर गोल नहीं हो सका।
भारत ने मलेशियाई डिफेंस को छितर बितर करके लगातार दबाव बनाया। भारत को आठवें मिनट में दो मिनट के अंदर दो पेनल्टी कॉर्नर मिले और संगीता ने वैरिएशन पर दूसरे प्रयास में गोल दागा।
प्रीति दुबे दो बार भारत की बढत दुगुनी करने के करीब पहुंची। पहले करीब से उनके शॉट को मलेशियाई गोलकीपर ने बचा लिया और पहला क्वार्टर खत्म होने से एक मिनट पहले उनका शॉट साइड पोस्ट से टकरा गया।
पहले क्वार्टर से कुछ सेकंड पहले भारत को मिला पेनल्टी कॉर्नर बेकार गया। भारत ने लगातार आक्रामक हॉकी खेलना जारी रखा, फिनिशिंग टच नहीं दे सके। भारत को दूसरे क्वार्टर में मिले चारों पेनल्टी कॉर्नर बेकार गए।
दूसरे हाफ में भारत ने दो मिनट के अंदर फिर पेनल्टी कॉर्नर बनाया जिस पर फिर गोल नहीं हो सका। इस बीच मलेशिया को पलटवार में पेनल्टी कॉर्नर मिला, भारतीय डिफेंस मुस्तैद था।
भारत ने 43वें मिनट में नवनीत कौर की फ्लिक पर प्रीति के गोल से बढत दुगुनी कर ली। एक मिनट बाद उदिता ने भारत के लिये तीसरा गोल किया। भारत को 50वें मिनट में फिर पेनल्टी कॉर्नर मिला, अबकी बार उदिता गोल नहीं कर सकी।
आखिरी सीटी बजने से पांच मिनट पहले संगीता ने शानदार फील्ड गोल दागा। डीप से पास लेकर वह दो डिफेंडरों को छकाते हुए मलेशियाई सर्कल में घुसी और दमदार रिवर्स शॉट पर गोल दाग दिया।