तिलक वर्मा की नाबाद शतकीय पारी, दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए बनाने होंगे 220 रन
तिलक वर्मा (नाबाद 107) और अभिषेक शर्मा (50) की बेहतरीन बल्लेबाजी से भारत ने बुधवार को तीसरे टी-20 में दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिये 220 रनों का लक्ष्य दिया है।

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडन मारक्रम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। बल्लेबाजी करने उतरी भारत की शुरुआत खराब रही और पहले ही ओवर में मार्को यानसन ने संजू सैमसन (शून्य) को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को पहली सफलता दिलाई।
बल्लेबाजी करने आये तिलक वर्मा ने अभिषेक शर्मा के साथ पारी को संभाला और तेजी के साथ रन बटोरे। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिये 106 रनों की साझेदारी हुई। नौवें ओवर में केशव महाराज ने क्लासन के हाथों अभिषेक को स्टंप आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा।
अभिषेक ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में तीन चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए (50) रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। कप्तान सूर्यकुमार यादव एक बार फिर विफल रहे और ऐंडिले सिमेलाने ने एक रन पर उनका शिकार किया।
13वें ओवर में केशव महाराज ने हार्दिक पंड्या (18) को पगबाधा कर भारत को चौथा झटका दिया। 18वें ओवर में रिंकू सिंह (8) को ऐंडिले सिमेलाने ने अपना शिकार बनाया।
तिलक वर्मा ने 19वें ओवर में चौका लगाकर 51 गेंदों में आठ चौके और छह छक्के लगाते हुए अपना पहला अंतरराष्ट्रीय और टी-20 शतक मारा। रमनदीप सिंह (14) 20वें ओवर में रनआउट हुये। तिलक वर्मा ने 56 गेंदों में आठ चौके और सात छक्के लगाते हुए (नाबाद 107) रनों की पारी खेली। अक्षर पटेल (एक) रन पर नाबाद रहे।
भारत ने 20 ओवर में छह विकेट पर 219 रन बनाया। दक्षिण अफ्रीका से केशव महाराज और मार्को यानसन ने दो-दो और ऐंडिले सिमेलाने ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।