Trending

एशियन महिला चैम्पियंस ट्रॉफी : जापान के खिलाफ सेमीफाइनल के लिए भारत तैयार

एशियन महिला हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी के सभी पूल मुकाबले रविवार को खत्म हो गये। मंगलवार से नॉकआउट मुकाबले होंगे। अंतिम पूल मैच में जापान को 3-0 से हारने वाली टीम इंडिया सेमीफाइनल में बुलंद हौसले के साथ उतरेगी। दूसरे सेमीफाइनल में भारत का मुकाबला जापान से होगा।

साभार : गूगल

पहले सेमीफाइनल में मलेशिया के सामने ड्रैगन की चुनौती होगी। मंगलवार को तीन मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला कोरिया और थाईलैंड के बीच पांचवे व छठे स्थान के लिए होगा। उसके बाद दोनों सेमीफाइनल होंगे। सेमीफाइनल में विजेता टीमों के बीच बुधवार को फाइनल होगा।

उससे पहले सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों के बीच तीसरे व चौथे स्थान के लिए भी मुकाबला खेला जाएगा। अंतिम पूल मैच में जिस तरह से भारतीय खिलाड़ियों ने जापान के खिलाफ प्रदर्शन किया, उससे भारत की दावेदारी मजबूत हो गयी है। दोनों टीमों के बीच पिछले 10 में 8 मुकाबलों में टीम इंडिया को जीत मिली है।

5 पूल मैचों में भारत ने 26 गोल किये हैं तो जापान ने मात्र छह। दीपिका 10 गोल के साथ अभी तक टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर है। जापान के मियू हासेगावा में अब तक दो गोल दागे हैं। भारत के खिलाफ पिछले मैच में जापान की रक्षापंक्ति ने बेहतर प्रदर्शन किया था।

हालांकि, भारत की फारवर्ड खिलाड़ी दीपिका, संगीता, नवनीत को रोक पाना आसान नहीं दिख रहा है। पहले सेमीफाइनल में शक्तिशाली ड्रैगन के सामने मलेशिया की आसान चुनौती है। हालांकि, मलेशिया की टीम इस टूर्नामेंट में अंडर डॉग की तरह खेली है।

कोरिया को हराने के बाद मलेशिया के खिलाड़ियों के हौंसले बुलंद है। फिर भी सामने चीन की टीम है जो 2014 के बाद से मलेशिया से नहीं हारी है। सिर्फ एक बार 2018 एशियन गेम्स में दोनों टीमों ने दो-दो से ड्रा खेला था। चीन की टीम ने पांच पूल मैचों में 24 तो मलेशिया ने सिर्फ पांच गोल किया है।

चीन की जिनहुआंग टैन छह गोल तो मलेशिया की नूर मोहम्मद दो गोल दागकर अपनी टीमों के टॉप स्कोरर है। पूल मैच में चीन ने मलेशिया को 5-0 से हराया था। पांचवे व छठे स्थान के लिए होने वाले मुकाबले में थाईलैंड के सामने कोरिया अपनी साख बचाने के लिए उतरेगा।

इस टूर्नामेंट में कोरिया के लिए कुछ भी अच्छा नहीं हुआ। मलेशिया से मिली हार ने सेमीफाइनल में पहुंचने का रास्ता बंद कर दिया। कोरिया की ओर से पूल मैचों में नौ तो थाईलैंड की ओर से मात्र एक गोल हुआ है। पूल मैचों में कोरिया ने थाईलैंड को 4-0 से हराया था।

मंगलवार के मैच  

11:45 बजे : कोरिया बनाम थाईलैंड

2:15 बजे : चीन बनाम मलेशिया

4:45 बजे : भारत बनाम जापान