चाइना मास्टर्स : पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन व मालविका बंसोड़ दूसरे दौर में
चाइना मास्टर्स के दूसरे दौर में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन और मालविका बंसोड़ ने जगह बनाई। सिंधु ने थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरुंगफान को 50 मिनट में 21-17, 21-19 से हराया। वहीं, अगले दौर में सिंधु का सामना सिंगापुर की यो जिया मिन से होगा।

सिंधु के अलावा लक्ष्य सेन भी इस टूर्नामेंट के पुरुष एकल के दूसरे राउंड में जगह बनाई। लक्ष्य सेन ने मलेशिया के ली ज़ी जिया पर 21-14, 13-21, 21-13 से जीत के साथ दूसरे दौर में पहुंचे और अपनी पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक हार का बदला लिया।
अब लक्ष्य का सामना अंतिम 16 में डेनमार्क के रासमस गेम्के या जापान के केंटा निशिमोटो के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा। वहीं, मालविका बंसोड़ ने डेनमार्क की लाइन केजर्सफेल्ड को एक घंटे 14 मिनट तक चले मैच में 20-22, 23-21, 21-16 से हराया। अब बंसोड़ का सामना राउंड ऑफ 16 में थाईलैंड की सुपनिडा केटेथोंग से होगा।