फैमिली इमरजेंसी के चलते भारत लौट रहे है गौतम गंभीर, दूसरे टेस्ट में वापसी करेंगे
भारत ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 की शुरुआत दमदार अंदाज में की और पर्थ में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला जीता। भारतीय टीम सीरीज में 1-0 से आगे है और अब दूसरा टेस्ट 6 दिसंबर से एडिलेड में खेला जाना है।

इससे पहले खबर है कि भारतीय हेड कोच गौतम गंभीर भारत लौट रहे हैं। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बीच में मुख्य कोच का भारत लौटना चौंकाने वाला है। हालांकि, अच्छी बात ये है कि वे दूसरे टेस्ट मैच से पहले फिर से टीम के साथ जुड़ जाएंगे।
रिपोर्ट की मानें तो गौतम गंभीर फैमिली इमरजेंसी के कारण ऑस्ट्रेलिया से भारत आ रहे हैं। हालांकि, एडिलेड में पिंक बॉल से खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले वे फिर से ऑस्ट्रेलिया पहुंच जाएंगे।
पर्थ के ऑप्टस में भारत की ऐतिहासिक जीत का गवाह बने गौतम गंभीर बुधवार को कैनबरा पहुंचने वाले हैं, जहां दो दिवसीय प्रैक्टिस मैच पिंक बॉल से भारत को खेलना है। हालांकि, इस प्रैक्टिस मैच में भारतीय टीम को अपने हेड कोच का साथ नहीं मिलेगा, क्योंकि गंभीर उस समय भारत में होंगे।
शनिवार 30 नवंबर से कैनबरा में दो दिवसीय प्रैक्टिस मैच प्राइम मिनिस्टर इलेवन के खिलाफ इंडिया को खेलना है। एक दिन टीम बल्लेबाजी करेगी और एक दिन टीम फील्डिंग करेगी।
पिंक बॉल टेस्ट काफी कठिन है और इसकी तैयारियों के देखते हुए पहले और दूसरे टेस्ट मैच के बीच में काफी अंतर रखा गया है। थोड़ा सा गैप है तो गौतम गंभीर फैमिली इमरजेंसी के कारण अपने परिवार को समय दे सकते हैं और फिर एडिलेड टेस्ट मैच से पहले फिर से टीम को जॉइन कर सकते हैं।
जिस तरह पहले टेस्ट मैच के लिए प्लेइंग इलेवन चुनने का सिरदर्द भारतीय मैनेजमेंट के सामने था। उसी तरह का सिरदर्द भारतीय टीम मैनेजमेंट को दूसरे टेस्ट मैच में भी झेलना होगा। इस बार रोहित शर्मा और शुभमन गिल की वापसी हो रही है।
ऐसे में किसे टीम से बाहर किया जाए और किसे किस नंबर पर खिलाया जाए, ये एक समस्या होगी। रोहित शर्मा ओपन करेंगे, केएल राहुल फिर कहां खेलेंगे, क्योंकि अगर रोहित ओपन करते हैं तो यशस्वी उनके साथ होंगे।
केएल नंबर तीन पर जा नहीं सकते, क्योंकि वहां शुभमन गिल खेलते हैं। ऐसे में केएल को शायद फिर से मिडिल ऑर्डर में जाना पड़ सकता है और ध्रुव जुरेल की जगह उनको मौका मिल सकता है।