Trending

युवाओं को हर प्रैक्टिस सेशन में 100 फीसदी देना होगा : पीवी सिंधु

भारतीय खिलाडी पीवी सिंधु ने खेल को प्रोत्साहन देने की सरकार की नीति की तारीफ करते हुये कहा कि देश में बैडमिंटन के क्षेत्र में युवा प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरुरत उन्हे कड़े परिश्रम करने और कराने की है।

बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में हमवतन अनमोल के खिलाफ जीत से आगाज करने के बाद सिंधु ने पत्रकारों से बातचीत में नयी अकादमी के बारे में खुलासा करते हुये कहा “हमारे देश में कई युवा प्रतिभायें है जिनको तराशना है।

हमारा काम उन प्रतिभाओं को तलाशना और तराशना है या यूं कहें कि कई सिंधुओं को तैयार करना है। मुझे उम्मीद है कि युवा प्रतिभायें अनुभव का लाभ उठायेंगी। उन्होने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को काफी सपोर्ट कर रही है। भारतीय खेल प्राधिकरण और भारतीय बैडमिंटन एसोसिएशन खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रहे है।

खिलाड़ी की उपकरणों की मांग को पूरा किया जा रहा है। कई खिलाड़ी खेल रहे हैं। यूपी में कई युवा है जिनको सिर्फ कड़ी मेहनत की जरुरत है। हर प्रैक्टिस सेशन में 100 फीसदी देना है।

किसी को सफलता जल्दी मिलती है जबकि कुछ को थोड़ा समय लगता है, इसमें संयम बरतते हुये कडी मेहनत करनी होगी। अनमोल के खेल की तारीफ करते हुये उन्होने कहा “मै उसके खिलाफ पहली बार खेल रही हूं। वह अच्छा खेली। मै उसका खेल पहले भी देख चुकी थी।

हम एशियन चैपियनशिप में टीम इवेंट के लिये पहले भी साथ गये थे। मेरा इस कोर्ट में पहला मैच था। शुरु में कुछ गलतियां भी हुयी जो खेल का एक हिस्सा है, इसके लिये मुझे अंक गंवाने पड़े, आखिरकार मुझे जीत मिली। अनमोल का गेम भी ओवरआल अच्छा है।