ऑस्ट्रेलियाई पीएम से मिली टीम इंडिया, पीएम मोदी ने जाहिर की खुशी
पीएम नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बानीज के कैनबरा में भारतीय टीम से मिलने पर खुशी व्यक्त की है। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम और ऑस्ट्रेलिया की पीएम इलेवन टीम ने संसद में ऑस्ट्रेलियाई पीएम के साथ मुलाकात की।

भारत पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है। भारत ने पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट मैच में जीत दर्ज कर 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। ऑस्ट्रेलिया के पीएम अल्बानीज के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ने भारतीय टीम के साथ हुई मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं थी।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘इस सप्ताह मनुका ओवल में एक शानदार भारतीय टीम के खिलाफ पीएम इलेवन के लिए बड़ी चुनौती है। जैसा कि मैंने पीएम नरेंद्र मोदी से कहा मैं जीत के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम का समर्थन कर रहा हूं।
अल्बानीज के इस ट्वीट पर पीएम मोदी ने लिखा, भारत और पीएम एकादश टीम के साथ अपने प्रिय मित्र एंथनी अल्बानीज को देखकर खुशी हुई। भारतीय टीम ने इस सीरीज की विजयी शुरुआत की है और 140 करोड़ भारतीय मैन इन ब्लू टीम का मजबूती से समर्थन कर रहे हैं। मैं आगे के मुकाबलों के लिए बेहद उत्सुक हूं।
पर्थ में पहले टेस्ट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 295 रनों से हराया था और रनों के अंतर से ऑस्ट्रेलियाई धरती पर बड़ी जीत दर्ज की थी। विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह ने भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
विराट ने अपना 30वां टेस्ट शतक और ऑस्ट्रेलियाई धरती पर सातवां शतक बनाया। मैच में आठ विकेट लेने वाले कार्यवाहक कप्तान बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 534 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में कंगारू टीम 238 रन पर सिमट गई।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टेस्ट मैच छह दिसंबर से एडिलेड में होगा। यह पिंक बॉल टेस्ट होगा और इससे पहले भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एकादश के खिलाफ दो दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी जिसकी शुरुआत शनिवार से होगी।
पिछली बार भारत का एडिलेड में पिंक बॉल टेस्ट में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और टीम दूसरी पारी में 36 रन पर ऑलआउट हो गई थी।