विराट के साथी इस तेज गेंदबाज ने लिया संन्यास, वर्ल्ड कप जीत में थी अहम भूमिका
चैंपियंस ट्राफी 2025 की मेजबानी को लेकर अब तक असमंजस की स्थिति बनी है। इस बीच टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। दरअसल भारतीय टीम के लिए साल 2019 में आखिरी मैच खेलने वाले दिग्गज क्रिकेटर और विराट कोहली के साथी दाएं हाथ के तेज गेंदबाज सिद्धार्थ कौल ने संन्यास की घोषणा कर दी है।

बता दें कि सिद्धार्थ कौल ने विराट कोहली की कप्तानी में साल 2008 में भारत के लिए अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी खेला था और इस साल भारत चैंपियन भी बना था। सिद्धार्थ कौल ने भारत के लिए 3 वनडे और 3 टी20 इंटरनेशनल मैच भी खेले थे।
मिली जानकारी के अनुसार सिद्धार्थ कौल लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे। सिद्धार्थ आखिरी बार साल 27 फरवरी 2019 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम का हिस्सा थे। जबकि उन्होंने साल भर पहले ही यानि 29 जून 2018 को आयरलैंड के खिलाफ अपना पहला इंटरनेशनल टी20 मैच खेला था।
वहीं पहला वनडे मैच उन्होंने 12 जुलाई 2018 को इंग्लैंड के खिलाफ खेला था जबकि आखिरी वनडे मैच 25 सितंबर 2018 को अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था। इसके बाद से सिद्धार्थ को भारतीय टीम में जगह नहीं मिली।
सिद्धार्थ कौल के क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने 88 फर्स्ट क्लास मैचों में 297 विकेट झटके थे। एक पारी में उनका बेस्ट प्रदर्शन 27 रन देकर 6 विकेट रहा था जबकि एक मैच में उनका बेस्ट प्रदर्शन 81 रन देकर 8 विकेट रहा था।
कौल ने 111 लिस्ट ए मैचों में 199 विकेट झटके थे और इसमें उनका बेस्ट प्रदर्शन 39 रन देकर 6 विकेट रहा था जबकि उन्होंने 145 टी20 मैचों में 142 विकेट झटके, जिसमें उनका बेस्ट प्रदर्शन 12 रन देकर 5 विकेट रहा। कौल ने इन तीनों फॉर्मेट को मिलाकर कुल 678 विकेट झटके।