अंगूठे की चोट से उबरे शुभमन गिल, नेट्स पर प्रैक्टिस करते दिखे
अंगूठे की चोट से भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल उबर गए हैं। वे शुक्रवार को कैनबरा में नेट्स करते देखे गए हैं। वे आकाश दीप और यश दयाल की बॉल खेल रहे थे। इससे पहले गिल ने थ्रो-डाउनर से प्रैक्टिस की। गिल 30 नवंबर से प्रधानमंत्री इलेवन के साथ प्रैक्टिस मैच में खेलते दिखाई दे सकते हैं। वे पर्थ टेस्ट से पहले प्रैक्टिस के दौरान चोटिल हुए थे। उनके अंगूठे में फ्रैक्चर था।

गिल को अंगूठे की चोट की वजह से पर्थ टेस्ट छोड़ना पड़ा था। उनकी जगह देवदत्त पडिक्कल को मौका दिया गया था, हालांकि पडिक्कल उस मौको को भुना नहीं सके थे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में 25 रन बनाए थे। वे पहली पारी में खाता भी नहीं खोल सके थे।
शुभमन गिल कप्तान रोहित शर्मा के साथ एडिलेट टेस्ट में लौटेंगे। रोहित पैटरनिटी लीव के कारण पर्थ टेस्ट में टीम का हिस्सा नहीं थे। वे 15 नवंबर को दूसरी बार पिता बने थे और इसी के चलते वे पहले टेस्ट मैच में सिलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं थे।
भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला एडिलेड ओवल मैदान पर 6 दिसंबर से खेलना है। यह डे-नाइट मुकाबला पिंक बॉल से खेला जाना है। इससे पहले दोनों टीमों 30 नवंबर से भारत और PM XI के बीच 2 दिवसीय प्रैक्टिस मैच खेला जाना है। प्रैक्टिस मैच भी पिंक बॉल से ही खेला जाना है।