मिजोरम को हार से बचाने का क्रेडिट हरप्रीत बरार को
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी की डिफेंडिंग चैंपियन पंजाब को मिजोरम के खिलाफ हार से बचाने का सबसे ज्यादा क्रेडिट हरप्रीत बरार को जाता है। मिजोरम और पंजाब का मैच इतना रोमांचक रहेगा, इसका किसी को अंदाजा नहीं था। यह मैच सुपर ओवर तक गया और पंजाब ने सुपर ओवर में जाकर जीत दर्ज की।

मिजोरम ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 176 रन बनाया, पंजाब टीम में कप्तान अभिषेक शर्मा समेत नेहल वडेरा, रमनदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह और नमन धीर जैसे बढ़िया हिटर हैं और ऐसा लगा था कि पंजाब आसानी से मैच जीत लेगा। ऐसा हुआ नहीं।
नमन धीर ने 24 गेंदों पर तेज तर्रार 41 रन बनाए, बाकी कोई बहुत तेजी से बैटिंग नहीं करना दिखा। नतीजा ये हुआ कि पंजाब को जीत के लिए आखिरी चार गेंदों पर 24 रनों की जरूरत थी। पंजाब के लिए स्ट्राइक पर स्पिन ऑलराउंडर हरप्रीत बरार थे।
हरप्रीत बरार ने इसके बाद आखिरी चार गेंदों पर 4, 6, 6, 6 रन बनाए, जबकि पंजाब को एक रन वाइड गेंद का मिला और इस तरह से आखिरी चार गेंदों पर 23 रन बने और मैच टाई हो गया। हरप्रीत बरार ने सात गेंदों पर नॉटआउट 23 रन ठोके और पंजाब को मिजोरम के खिलाफ हार से बचाया।
सुपर ओवर में पंजाब की ओर से रमनदीप सिंह ने पांच गेंदों पर नॉटआउट 14 रन बनाए और सुपर ओवर में पंजाब ने मैच जीता। मिजोरम के लिए अग्नि चोपड़ा ने 52 रनों की पारी खेली, वहीं मोहित जांगरा ने 34 गेंदों पर नॉटआउट 67 रन बनाए।
हरप्रीत बरार की बात करें तो हाल में हुए आईपीएल ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने उन्हें 1.5 करोड़ रुपये में खरीदा है। हरप्रीत कुल 41 आईपीएल मैच खेल चुके हैं और इस दौरान उन्होंने 25 विकेट झटके हैं, जबकि 233 रन बनाए हैं।