दूसरे टेस्ट से पहले तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड का चोटिल होना मेजबान के लिए बुरी खबर
भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का दूसरा मुकाबला 6 दिसंबर से एडिलेड में खेला जाना है, मगर इस टेस्ट से पहले मेजबानों के लिए बुरी खबर आ रही है।
तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड चोटिल होने की वजह से दूसरे डे-नाइट टेस्ट से बाहर हो गए हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी इसकी पुष्टि कर दी है और साथ ही बोर्ड ने दो अनकैप्ड प्लेयर को उनके बैकअप के रूप में स्क्वॉड में भी जोड़ा है।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बताया कि हेजलवुड साइड स्ट्रेन के चलते बाहर हुए हैं, उनकी जगह सीन एबॉट और ब्रेंडन डॉगेट टीम में आए हैं। इन दोनों ही खिलाड़ियों को प्लेइंग XI में मौका मिलना मुश्किल है क्योंकि स्क्वॉड में पहले से ही स्कॉट बोलैंड मौके का इंतजार कर रहे हैं।
पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और मिचेल स्टार्क की तिकड़ी होने की वजह से इस होनहार गेंदबाज को अब तक अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका नहीं मिला है। बोलैंड ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 10 टेस्ट खेले हैं जिसमें उन्होंने 20.34 की औसत के साथ 35 विकेट झटके हैं। बोलैंड भारत के खिलाफ वॉर्म-अप मैच का भी हिस्सा होंगे।
बोलैंड ने आखिरी टेस्ट 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज के दौरान खेला था। भारत के खिलाफ एडिलेड टेस्ट में पैट कमिंस की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम को जोश हेजलवुड की कमी खलेगी।
पिछली बार जब भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पिंक बॉल टेस्ट हुआ था तो हेजलवुड ने ही टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। इस तेज गेंदबाज ने महज 5 ओवर में 8 रन खर्च कर 5 विकेट झटके थे, पूरी टीम इंडिया उस दौरान 36 रन पर सिमट गई थी।
वहीं मौजूदा सीरीज में भी उनकी शुरुआत अच्छी रही थी। पहली पारी में 4 विकेट झटकने के साथ-साथ दूसरी पारी में भी उन्होंने किफायती गेंदबाजी की थी। पर्थ टेस्ट में 295 रनों से ऑस्ट्रेलिया बुरी तरह हारी थी। सीरीज में टीम 0-1 से पीछे है।