पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप में बुरी तरह फ्लॉप रहे वैभव सूर्यवंशी
बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में महज 13 साल की उम्र में राजस्थान रॉयल्स ने 1 करोड़ 10 लाख में खरीदा। वह आईपीएल में बिकने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। उन्होंने हाल ही में बल्ले से काफी प्रभावित किया था।

ऑक्शन के बाद सबकी नजरें सूर्यवंशी के पहले प्रतिस्पर्धी मैच पर थीं। हालांकि, करोड़पति बनने के पांच दिन जब वह पहला मैच खेलने उतरे तो बुरी तरह फ्लॉप रहे। सूर्यवंशी शनिवार को भारत बनाम पाकिस्तान अंडर-19 एशिया कप मैच में खाता खोलने के लिए जूझते हुए दिखे।
282 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत के लिए सूर्यवंशी 9 गेंदों में एक रन ही बना सके। अली रजा ने पांचवें ओवर की पहली गेंद पर सूर्यवंशी को कप्तान और विकेटकीपर साद बैग के हाथों कैच कराया। युवा बल्लेबाज लगभग हर गेंद पर हिट मारने की कोशिश कर रहा था।
सूर्यवंशी ने कुछ हफ्ते पहले चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 टीम के खिलाफ भारत अंडर-19 टीम के लिए युवा टेस्ट में शतक जमाया था। वह यह श्रेय हासिल करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने थे। सूर्यवंशी ने उस मैच में 62 गेंद में 104 रन बनाए थे।
जूनियर सर्किट पर चर्चा में रहे सूर्यवंशी ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में बड़ी पारी नहीं खेली है। उन्होंने पांच मैचों में 10 की औसत से रन बनाए हैं। वह रणजी ट्रॉफी में खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं। उन्होंने मुंबई के खिलाफ 2023-24 रणजी ट्रॉफी सत्र में डेब्यू किया था।