Trending

गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से विनोद कांबली पीड़ित, कपिल ने शर्त के साथ किया मदद का वादा

पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली हाल ही में महान कोच रमाकांत आचरेकर की याद में आयोजित किए गए एक इवेंट में नजर आए। इससे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि इस इवेंट में कांबली को जिसने भी देखा, उसने पाया कि उनकी हालत इस समय अच्छी नहीं है।

साभार : गूगल

एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल भी हुआ, जिसमें वे अपने साथी खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर से हाथ भी नहीं मिला रहे थे। कांबली की शारीरिक और दिमागी हालत इस समय अस्थिर है। उनकी मदद के लिए कपिल देव आगे आए हैं।

फर्स्ट क्लास क्रिकेट के पूर्व अंपायर मार्कस कोउटो, जो विनोद कांबली के करीबी हैं, उन्होंने एक अंग्रेजी अखबार से बात करते हुए कहा, उन्हें कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हैं। उनके रिहैब सेंटर जाने का कोई मतलब नहीं है – कांबली पहले ही 14 बार रिहैब सेंटर जा चुके हैं! तीन बार हम उन्हें वसई के रिहैब सेंटर ले गए हैं।

अगस्त में वायरल हुए वीडियो के बाद कोउटो अपने भाई रिकी के साथ कांबली से बांद्रा स्थित उनके आवास पर मिले और पूर्व क्रिकेटर के स्वास्थ्य और नशे की लत से चल रहे संघर्ष पर गहरी चिंता व्यक्त की।

कांबली को अब अप्रत्याशित तरीके से पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव का समर्थन मिला है। शराब की लत से जुड़ी कांबली की समस्याओं के बावजूद, जिसने पिछले कुछ सालों में उनके कई क्रिकेट साथियों को उनसे दूर कर दिया है, भारत की 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य सहायता के लिए आगे आए हैं।

हालांकि, एक महत्वपूर्ण शर्त है: कांबली को ठीक होने की दिशा में उनको ही पहला कदम उठाने के लिए तैयार होना चाहिए। पूर्व तेज गेंदबाज बलविंदर सिंह संधू ने कहा, कपिल (देव, 1983 की टीम के कप्तान) ने मुझे साफ-साफ बताया है कि अगर वह रिहैब जाना चाहते हैं, तो हम उनकी आर्थिक मदद करने को तैयार हैं।

हालांकि, उन्हें पहले खुद रिहैब जाना होगा। अगर वह ऐसा करते हैं, तो हम बिल चुकाने के लिए तैयार हैं, चाहे इलाज कितना भी लंबा क्यों ना चले। कपिल देव पहले भी अपने साथी या पूर्व क्रिकेटरों की मदद कर चुके हैं। ताजा मामला अंशुमन गायकवाड़ से जुड़ा है, लेकिन वे कैंसर के चलते इस दुनिया को अलविदा कह चुके हैं।