Trending

पिंक बॉल टेस्ट : भारतीय टीम में दो बदलाव, मिडिल आर्डर में खेलते नजर आएंगे रोहित शर्मा

एडिलेड में खेले जाने वाले पिंक बॉल टेस्ट मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी प्लेइंग इलेवन की घोषणा कर दी है। ऑस्ट्रेलिया की टीम में एक बदलाव देखने को मिलेगा, जबकि भारतीय टीम ने भी लगभग अपनी प्लेइंग इलेवन फाइनल कर दी है।

साभार : गूगल

हालांकि, भारत में इस डे-नाइट टेस्ट मैच के लिए दो बदलाव देखने को मिलेंगे। दोनों ही उन खिलाड़ियों को बाहर किया जा रहा है, जिन्होंने पर्थ टेस्ट मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। इसके अलावा प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित शर्मा ने इसकी पुष्टि कर दी है वे ओपनिंग नहीं करेंगे।

गुरुवार को नेट सेशन से पहले कप्तान रोहित शर्मा प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए। उन्होंने शुरुआत में ही इस सस्पेंस को खत्म कर दिया कि एडिलेड में यशस्वी जायसवाल के साथ पारी की शुरुआत कौन करेगा? उन्होंने बता दिया कि केएल राहुल ओपनिंग करेंगे और वे कहीं मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करेंगे।

इससे दो चीजों की पुष्टि हो जाती है कि टीम इंडिया में दो बदलाव देखने को मिलेंगे। कप्तान रोहित शर्मा के अलावा शुभमन गिल की भी वापसी प्लेइंग इलेवन में होगी। गिल देवदत्त पडिक्कल की जगह, जबकि रोहित ध्रुव जुरेल की जगह खेलते नजर आएंगे।

आधिकारिक तौर पर कप्तान रोहित शर्मा ने भी प्लेइंग इलेवन का ऐलान नहीं किया है, लेकिन जो परिस्थितियां और जिस तरह की बातें रोहित शर्मा ने पीसी में कहीं, उनसे यही लगता है कि सिर्फ यही दो बदलाव हम एडिलेड में देखेंगे।

गेंदबाजी में बदलाव की गुंजाइश नहीं है। वॉशिंगटन सुंदर एकमात्र स्पिनर होंगे, जबकि पेस अटैक में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा और ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी होंगे। अनुभवी स्पिनर आर अश्विन और रविंद्र जडेजा दूसरे टेस्ट से भी बाहर बैठ सकते हैं।

संभावित प्लेइंग इलेवन (टीम इंडिया) : केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रोहित शर्मा (कप्तान), वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज