एडिलेड टेस्ट Day 1 : भारत के 180 रन, जवाब में ऑस्ट्रेलिया के 1 विकेट पर 86 रन
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट का पहला दिन खत्म हो गया है। भारत के 180 रन के जवाब में कंगारू टीम ने 1 विकेट पर 86 रन बनाए हैं। पहली पारी के आधार पर वह 94 रन पीछे है।

मार्नस लाबुशेन (20) और नाथन मैकस्वीनी (38) नाबाद हैं। उनका एकमात्र विकेट उस्मान ख्वाजा (13 रन) के रूप में गिरा। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। पहली गेंद पर ही यशस्वी जायसवाल खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। इसके बाद तीसरे विकेट के लिए शुभमन गिल (31) और केएल राहुल (37) ने 113 गेंदों में 69 रन की साझेदारी निभाई।
हालांकि, राहुल के आउट होने के बाद विकेट लगातार गिरते रहे। नितीश राणा (47) ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर स्कोर 180 रन तक पहुंचाया। मिचेल स्टार्क ने सबसे ज्यादा 6 विकेट झटके। रोहित शर्मा सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से पिछली 11 पारियों में 6, 5, 23, 8, 2, 52, 0, 8,18, 11 और 3 के स्कोर निकले हैं। उनकी औसत 12.36 की रही है। उन्होंने अपना आखिरी शतक मार्च में इंग्लैंड के खिलाफ लगाया था।
37 वर्षीय रोहित साल 2024 में 12 टेस्ट खेले हैं। इसकी 22 पारियों में 28.14 की औसत से 591 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 शतक और 2 अर्धशतक निकले हैं। स्टार्क ने 6 विकेट झटके। यह उनके टेस्ट करियर का 15वां 5 विकेट हॉल है। पहला मौका है जब उन्होंने भारत के खिलाफ 5 विकेट लिया है।
स्टार्क ने 14.1 ओवर गेंदबाजी की और 48 रन देकर ये विकेट झटके। ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर स्टार्क ने 8वीं बार 5 विकेट हॉल लिया है। उन्होंने यशस्वी (0), केएल राहुल (37), विराट कोहली (7), रविचंद्रन अश्विन (22), हर्षित राणा (0) और नितीश राणा (42) को अपना शिकार बनाया।
स्टार्क ने टेस्ट करियर में 3 बल्लेबाजों को पहली गेंद पर आउट किया है। ये खिलाड़ी यशस्वी, रोरी बर्न्स और दिमुथ करुणारत्ने हैं। ये सभी खिलाड़ी बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं। स्टार्क ने वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज पेड्रो कोलिन्स की बराबरी की है। उन्होंने भी अपने टेस्ट करियर में 3 बार पहली गेंद पर बल्लेबाज को आउट किया था।
तीनों बार कोलिन्स ने 1 ही बल्लेबाज हन्नान सरकार को आउट किया था। सरकार बांग्लादेश के लिए खेलते थे। बुमराह ने उस्मान को आउट कर बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह भारत के तीसरे तेज गेंदबाज बने हैं, जिन्होंने 1 कैलेंडर वर्ष में 50 से ज्यादा विकेट झटके हैं।
कपिल देव ने 2 बार और जहीर खान ने 1 बार यह कारनामा किया था। कपिल ने साल 1979 में 74 विकेट और 1983 में 75 विकेट झटके थे। जहीर ने साल 2002 में 51 विकेट झटके थे। बुमराह इस साल 50 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज भी बने।