Trending

सब-जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी में झारखंड चैंपियन

हेमरोम लियोनी के गोल से हॉकी झारखंड ने शुक्रवार को फाइनल में हॉकी मध्य प्रदेश को 1-0 से हराकर 14वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप का खिताब जीता।

मैच का एकमात्र गोल 15वें मिनट में हुआ जब जमुना कुमारी ने बाएं छोर से ड्रिबल करते हुए गेंद लियोनी को दी, जो प्रतियोगिता में अपना सातवां गोल करने में सफल रही। झारखंड ने इस तरह से अपना अजेय अभियान जारी रखते हुए चैंपियनशिप जीती।

तीसरे-चौथे स्थान के लिए खेले गए मैच में ओडिशा ने मिजोरम को 4-3 से हराया। ओडिशा के लिए प्रियंका मिंज (9वें, 12वें, 12वें) ने तीन और अंजना खाखा (चौथे) ने एक गोल किया। मिजोरम की तरफ से वानलालरिनहलुई (36वें, 52वें मिनट) ने दो जबकि मंगलावमसांग (28वें मिनट) ने एक गोल किया।

तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने चैंपियन के लिए तीन लाख रुपये, उपविजेता के लिए दो लाख रुपये और कांस्य पदक विजेता के लिए एक लाख रुपये के नकद पुरस्कार का ऐलान किया।