एडिलेड टेस्ट Day 2 : ऑस्ट्रेलिया के पहली पारी में 337 रन, भारत ने 5 विकेट पर बनाए 128 रन
ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ हो रहे दूसरे टेस्ट (डे-नाइट) मैच में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 157 रन की बढ़त हासिल करने के बाद दूसरी पारी में केवल 128 रनों पर भारत के 5 विकेट गिराकर मेहमान टीम को बेकफुट पर धकेल दिया है।

दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर भारत ने अपनी दूसरी पारी में 128 रनों पर 5 विकेट खो दिये हैं। ऋषभ पंत 28 और नीतीश रेड्डी 15 रन बनाकर नाबाद हैं।
भारत अभी भी ऑस्ट्रेलिया के स्कोर पर 29 रन पीछे है। भारत ने अपनी पहली पारी में 180 रन बनाए थे, जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 337 रन बनाए। पहली पारी के आधार पर ऑस्ट्रेलिया ने 157 रन की बढ़त हासिल की थी।
पहली पारी के आधार पर 157 रन से पिछड़ रही भारत की दूसरी पारी मे भी शुरुआत खराब रही और केएल राहुल 12 के कुल स्कोर पर केवल 7 रन बनाकर पैट कमिंस का शिकार बने।
यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल ने पारी को संभालने की कोशिश की, हालांकि 42 के कुल स्कोर पर यशस्वी 24 रन बनाकर स्कॉट बोलैंड का शिकार बने। विराट कोहली एक बार फिर असफल रहे और केवल 11 रन बनाकर बोलैंड का दूसरा शिकार बने।
एक तरफ से संभलकर खेल रहे शुभमन गिल को मिचेल स्टॉर्क ने 86 के कुल स्कोर पर अपनी एक खूबसूरत गेंद पर बोल्ड किया। गिल ने 28 रन बनाए। रोहित शर्मा बिना कुछ किये केवल 6 रन बनाकर कमिंस की गेंद पर बोल्ड हो गए।
इसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक ऋषभ पंत और नीतीश रेड्डी ने कोई और नुकसान नहीं होने दिया। दिन का खेल खत्म होने पर भारत ने 5 विकेट पर 128 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से पैट कमिंस और स्कॉट बोलैंड ने 2-2 व मिचेल स्टॉर्क ने 1 विकेट झटका।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 337 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रैविस हेड ने 141 गेंदों पर 17 चौके और 4 छक्के से 140 रन बनाए। हेड के अलावा मार्नश लाबुशेन ने भी 64 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। नाथन मेकस्विनी ने भी 39 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह ने 4-4 और नीतीश रेड्डी और रविचंद्रन अश्विन ने 1-1 विकेट झटका।इससे पहले भारत ने अपनी पहली पारी में 180 रन बनाए। भारत के लिए नीतीश रेड्डी शीर्ष स्कोरर रहे, उन्होंने 42 रन बनाए। नीतीश के अलावा केएल राहुल ने 37, शुभमन गिल ने 31, रविचंद्रन अश्विन ने 22 और ऋषभ पंत ने 21 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टॉर्क ने 6 विकेट झटके। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टॉर्क ने 6 विकेट झटके। स्टॉर्क के अलावा कप्तान पैट कमिंस और स्कॉट बोलैंड ने 2-2 विकेट झटके।