एलएसजी ओनर संजीव गोयनका ने केएल राहुल को कहा शरीफ इंसान
आईपीएल 2024 के दौरान केएल राहुल और लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका का एक वीडियो और तमाम तस्वीरें वायरल हुईं। उनमें देखा जा सकता था कि लखनऊ के हारने पर टीम के ओनर संजीव गोयनका खुश नहीं हैं और वे टीम के कप्तान केएल राहुल के साथ अच्छा बर्ताव नहीं कर रहे।

उस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद से लखनऊ की टीम को 10 विकेट से हार मिली थी। इसके बाद गोयनका की खूब आलोचना हुई, लेकिन बाद में उन्होंने केएल राहुल को अपने घर बुलाया था और डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश की थी।
हालांकि, आईपीएल 2025 के लिए केएल राहुल को रिटेन नहीं किया गया और मेगा ऑक्शन में भी उनको नहीं खरीदा गया। अब गोयनका फिर से केएल राहुल पर बयान दिया है।
केएल राहुल को संजीव गोयनका ने शरीफ इंसान बताया है और कहा है कि उनके लिए उनके अंदर सम्मान और प्यार दोनों है। उन्होंने टीआरएस के पॉडकास्ट में कहा, केएल राहुल हमेशा से मेरे लिए परिवार की तरह रहे हैं और वे हमेशा ऐसे ही रहेंगे।
उन्होंने तीन साल तक लखनऊ की कप्तानी की और अपने कार्यकाल के दौरान शानदार नतीजे दिखाए। मैं ईमानदारी से उनके अच्छे होने की कामना करता हूं, चाहे कुछ भी हो जाए। शरीफ इंसान है।
एलएसजी ओनर ने आगे कहा, वह बहुत ईमानदार व्यक्ति हैं और मैं कामना करता हूं कि उनके जैसे ईमानदार व्यक्ति के साथ सब कुछ अच्छा हो। वह बहुत प्रतिभाशाली भी हैं और मैं कामना करता हूं कि वह अपनी प्रतिभा को दुनिया के सामने प्रदर्शित करें। मुझे पूरा यकीन है कि वह अच्छा करेंगे।
मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं। गोयनका ने बताया, ऐसे क्षण होते हैं जब आपके मन में भावनाएं होती हैं और उस भावना की अभिव्यक्ति होती है, लेकिन इससे रिश्ते पर कोई असर नहीं पड़ता या रिश्ते पर असर नहीं डालना चाहिए। मेरे दिल से तो मैं इतना ही कहूंगा कि उनके लिए मेरे अंदर इज्जत भी है और प्यार भी है।