Trending

तीसरे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया टीम में जोश हेजलवुड की वापसी

पैट कमिंस की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने भारत के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट के लिए प्लेइंग इलेवन की घोषणा कर दी है। टीम में एकमात्र बदलाव जोश हेजलवुड के रूप में हुआ है।

चोट की वजह से हेजलवुड एडिलेड टेस्ट नहीं खेल पाए थे, उनकी गैरमौजूदगी में स्कॉट बोलैंड को मौका मिला था, मगर अब फिट होकर हेजलवुड लौटने के लिए तैयार हैं, ऐसे में बोलैंड को बाहर बैठना होगा। इसके अलावा कोई और बदलाव नहीं हुआ है।

साभार : गूगल

कप्तान पैट कमिंस ने पुष्टि की कि गाबा में स्कॉट बोलैंड की जगह हेजलवुड को शामिल किया जाएगा, उन्होंने स्वीकार किया कि बोलैंड थोड़ा दुर्भाग्यशाली रहे कि एडिलेड टेस्ट में 5 झटकने के बावजूद उन्हें अपना स्थान खोना पड़ा।

कमिंस ने कहा, जोश वापस आ गया है… उसे कोई परेशानी नहीं हुई। कल बहुत अच्छी गेंदबाजी की, कुछ दिन पहले एडिलेड में भी अच्छी गेंदबाजी की थी। वह और मेडिकल टीम बहुत आश्वस्त हैं।

बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी 1-1 की बराबरी पर खड़ी है। पर्थ टेस्ट 295 रनों से जीतकर भारत ने सीरीज में शानदार आगाज किया था, मगर एडिलेड टेस्ट में टीम इंडिया को 10 विकेट से हराकर कंगारुओं ने जोरदार वापसी की। सीरीज का तीसरा मैच 14 दिसंबर से गाबा में खेला जाना है।

सीरीज के बचे अंतिम तीन टेस्ट अगले 25 दिनों में खेले जाने हैं, ऐसे में पैट कमिंस को उम्मीद है कि बोलैंड को एक और मौका मिल सकता है। कमिंस ने कहा, यह मुश्किल है, एडिलेड में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। दुर्भाग्य से पिछले 18 महीनों में उन्होंने बेंच पर काफी समय बिताया है।

और जब भी उन्होंने खेला है, उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। स्कॉटी के लिए यह शर्म की बात है, लेकिन फिर भी इस सीरीज में खेलने के लिए काफी कुछ है। मुझे आश्चर्य होगा अगर उन्हें किसी समय एक और मौका न मिले।