‘2025 हो सकता है इतिहास के सबसे गर्म तीन सालों में शुमार’, WMO ने जारी की ये चेतावनी

इनदिनों उत्तर भारत में ठंड का कहर देखने को मिल रहा है. लेकिन अगर साल गर्मियों के मौसम में प्रचंड गर्मी पड़ने की संभावना है. इसे लेकर विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) ने चेतावनी जारी की है.
आज साल 2024 का आखिरी दिन है. कल से नए साल की शुरुआत हो जाएगी. ऐसे में विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) ने मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है. जिसमें कहा गया है कि अगर अभी से जरूरी कदम नहीं उठाए गए तो साल 2025 इतिहास के सबसे तीन गर्म सालों में शामिल हो सकता है. विश्व मौसम विज्ञान संगठन ने अपनी चेतावनी में कहा है कि 2024 का रिकॉर्ड तोड़ तापमान अगले साल भी जारी रह सकता है. जिसमें ग्रीनहाउस गैस (GHG) का लेवल और बढ़ सकता है. जिससे भविष्य में और भी अधिक गर्मी पैदा होगी.
2024 रहा रिकॉर्ड गर्म साल
विश्व मौसम विज्ञान संगठन के मुताबिक, साल 2024 रिकॉर्ड पर सबसे गर्म साल रहा है. इसी के साथ साल 2025 के लिए मौसम कार्यालय को फिर से गर्म साल रहने की आशंका जताई है. जो तीन सबसे गर्म सालों में से एक होगा सकता है. बता दें कि साल 2023 और 2024 की तरह ही साल 2025 में भी प्रचंड गर्मी पड़ने की संभावना है.
‘कैसा होगा 2025, नहीं कोई गारंटी’
इस बीच संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि, ‘आज मैं आधिकारिक तौर पर रिपोर्ट कर सकता हूं कि हमने अभी-अभी एक दशक की जानलेवा गर्मी झेली है.” उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड पर टॉप सबसे गर्म साल पिछले दस सालों में हुए हैं, जिसमें 2024 भी शामिल है. वहीं 2025 को लेकर गुटेरेस ने कहा कि आगे क्या होगा इसकी कोई गारंटी नहीं है. हालांकि उन्होंने कहा कि, मैं उन सभी के साथ खड़े होने की प्रतिज्ञा करता हूं जो सभी लोगों के लिए अधिक शांतिपूर्ण, समान, स्थिर और स्वस्थ भविष्य बनाने के लिए काम कर रहे हैं.
संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुटेरेस ने किया सतर्क
वहीं डब्ल्यूएमओ का उल्लेख करते हुए संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कहा कि, 2015-2024 रिकॉर्ड पर सबसे गर्म दस साल होंगे, यह वास्तविक समय में जलवायु परिवर्तन है. उन्होंने कहा कि हमें बर्बादी के इस रास्ते से निकलना होगा. गुटेरेस ने कहा कि अब हमारे पास खोने के लिए समय नहीं है. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि साल 2025 में कई देशों के उत्सर्जन को रोकना होगा. साथ ही सुरक्षित रास्ते की तरफ जाना होगा. इसके साथ ही उन्होंने रिन्यूएबल फ्यूचर का समर्थन करने की बात कही.