एमसीजी ऑनर्स बोर्ड में नीतीश रेड्डी और जसप्रीत बुमराह का नाम शामिल
मेलबर्न टेस्ट में हार के बावजूद ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट ने जसप्रीत बुमराह और नीतीश रेड्डी को सम्मानित किया है। बुमराह और नीतीश का नाम मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड के ऑनर्स बोर्ड पर लिखा गया है।

बीसीसीआई ने मंगलवार को ऑनर्स बोर्ड पर बुमराह और रेड्डी का नाम लिखने का वीडियो जारी किया। इस वीडियो में 21 वर्षीय नीतीश रेड्डी ऑनर्स बोर्ड में अपना नाम देखते और इसकी फोटो खींचते दिखे।
बुमराह ने मेलबर्न टेस्ट की दोनों पारियों में कुल 9 विकेट झटके। नीतीश रेड्डी ने पहली पारी में 114 रन की शतकीय पारी खेलकर भारत को फॉलोऑन से बचाया था। भारत को इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 184 रनों की हार मिली थी। इस हार के बाद भारतीय टीम 5 मैचों की सीरीज में 1-2 से पिछड़ रही है।
किसी भी मैदान पर यादगार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ऑनर्स बोर्ड में शामिल किया जाता है, ताकि उनके प्रदर्शन को लंबे समय तक याद रखा जा सके।
आमतौर पर मैदान पर शतक जमाने वाले बैटर्स और पारी में 5 विकेट या फिर 10 विकेट लेने वाले गेंदबाजों को इसमें जगह मिलती है। नीतीश रेड्डी एमसीजी के ऑनर्स बोर्ड में जगह बनाने वाले 11वें भारतीय बल्लेबाज है, जबकि बुमराह छठे गेंदबाज हैं।
युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी ने इस सीरीज के पहले टेस्ट से डेब्यू किया था, जो पर्थ में खेला गया था। मेलबर्न टेस्ट उनके करियर का चौथा मुकाबला था। वे सीरीज में 49 की औसत से 294 रन बना चुके हैं। नीतीश ने अपने करियर का शतक पिता मुताल्या रेड्डी को समर्पित किया था।
जसप्रीत बुमराह ने मेलबर्न खेले गए चौथे मुकाबले की दूसरी पारी में 24.4 ओवर गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके। उन्होंने 2.31 की इकोनॉमी से गेंदबाजी की। बुमराह ने पहली पारी में 4 विकेट झटके थे। उन्होंने करियर के 44 टेस्ट मैचों में 2.76 की इकोनॉमी रेट से गेंदबाजी की है और 203 विकेट झटके हैं। 13 बार एक पारी में 5 से ज्यादा विकेट झटके हैं।