विश्व ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप में भारत की आर वैशाली को कांस्य पदक
भारत की आर वैशाली ने विश्व ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप के महिला वर्ग में कांस्य पदक जीता और इस तरह से रैपिड स्पर्धा में कोनेरू हम्पी के खिताब जीतने के बाद देश के खिलाड़ियों ने वर्ष 2024 के अंत में भी शानदार प्रदर्शन जारी रखा।
वैशाली ने क्वार्टर फाइनल में चीन की झू जिनर को 2.5-1.5 से हराया लेकिन सेमीफाइनल में वह चीन की एक अन्य प्रतिद्वंद्वी जू वेनजुन से 0.5-2.5 से हार गईं। इस प्रतियोगिता में पूरी तरह से चीन के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। चीन की जू वेनजुन ने हमवतन लेई टिंगजी को 3.5-2.5 से हराकर विश्व खिताब जीता।

विश्वनाथन आनंद ने एक्स पर लिखा, ‘‘कांस्य पदक जीतने पर वैशाली को बधाई। उसने वास्तव में शानदार प्रदर्शन किया। हमारे वाका शतरंज सलाहकार (वेस्टब्रिज आनंद शतरंज अकादमी) ने हमें गौरवान्वित किया है। यह वर्ष 2024 का समापन करने का शानदार तरीका था।’’ ओपन’ वर्ग में दुनिया के नंबर एक मैग्नस कार्लसन और रूस के इयान नेपोम्नियाचची ने ब्लिट्ज़ खिताब साझा किया।