कीवी क्रिकेटर अमेलिया केर ने जीती राचेल हेहो फ्लिंट ट्रॉफी
न्यूजीलैंड महिला टीम की खिलाड़ी अमेलिया केर को आईसीसी महिला क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ के लिए प्रतिष्ठित राचेल हेहो फ्लिंट ट्रॉफी का विजेता घोषित किया गया है। यह घोषणा आईसीसी ने की है।

केर ने महिला क्रिकेट में यह शीर्ष सम्मान हासिल करने के लिए दक्षिण अफ्रीका की लॉरा वोल्वार्ड्ट, श्रीलंका की चमारी अथापथु और ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड जैसी खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया।
केर 2017 से शुरू हुए इस सम्मान को हासिल करने वाली न्यूजीलैंड की पहली महिला खिलाड़ी हैं। उन्हें इस पुरस्कार के रूप में राचेल हेलो फ्लिंट ट्रॉफी दी जाएगी। केर ने इसी साल ‘आईसीसी विमेंस टी-20 क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ का खिताब भी जीता है।
केर ने 2024 में टी-20 क्रिकेट में असाधारण प्रदर्शन किया था। यही कारण रहा कि उन्हें टी-20 महिला विश्व कप में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का पुरस्कार दिया गया था।
उन्होंने पूरे साल में कुल 18 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 24.18 की औसत से 387 रन बनाने के साथ 15.55 की औसत से सबसे ज्यादा 29 विकेट चटकाए थे। उन्होंने विश्व कप में 15 विकेट चटकाए थे और विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बनी थीं।
केर ने पिछले साल वनडे क्रिकेट में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया था। वह 9 मैचों की इतनी ही पारियों में 33 की औसत से 267 रन बनाने में सफल रही थी। इस दौरान उन्होंने 1 अर्धशतक भी जड़ा था। इसी तरह गेंदबाजी में उन्होंने 27.42 की औसत से कुल 14 विकेट अपने नाम किए थे। इस दौरान उन्होंने 2 बार 4 विकेट हॉल भी चटकाए थे। पूरे साल में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/42 विकेट का रहा था।
केर ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक 77 वनडे मैचों की 66 पारियों में 42.49 की औसत से 2,167 रन बनाए हैं। इसमें 4 शतक और 10 अर्धशतक शामिल है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 232 रन का रहा है। वह 76 पारियों में 99 विकेट लेने में सफल रही है। उन्होंने 85 टी-20 मैचों की 67 पारियों में 1,296 रन बनाए हैं। 70 रन उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इसी तरह वह 83 पारियों में 93 विकेट भी चटका चुकी हैं।