साइड स्ट्रेन की समस्या से ठीक, सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़ने के लिए नीतीश कुमार रेड्डी तैयार
ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी की फिटनेस पर बड़ा अपडेट आया है। साइड स्ट्रेन की समस्या से ठीक होने के बाद नीतीश आईपीएल की अपनी टीम सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। नीतीश चोटिल होने के कारण जनवरी के बाद से कोई मैच नहीं खेल पाए हैं।

नीतीश ने बीसीसीआई के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में यो-यो टेस्ट सहित सभी फिटनेस टेस्ट सफलतापूर्वक पास किए। फिजियो ने भी उन्हें खेलने की मंजूरी दे दी है। आंध्र प्रदेश के इस 21 वर्षीय क्रिकेटर ने अपना आखिरी मैच भारत की तरफ से 22 जनवरी को ईडन गार्डन्स में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। वह उनका पहला टी20 इंटरनेशनल मैच था।
हालांकि उन्होंने उस मैच में बल्लेबाजी या गेंदबाजी नहीं की थी। नीतीश ने चेन्नई में दूसरे टी-20 इंटरनेशनल मैच से पहले नेट्स पर अभ्यास किया था। लेकिन साइड स्ट्रेन के कारण वह उस मैच और पांच मैचों की सिरीज से बाहर हो गए थे। नीतीश को पिछले साल खिलाड़ियों की नीलामी से पहले हैदराबाद की टीम ने छह करोड़ रुपए में कायम रखा था।
उन्होंने आईपीएल के पिछले सत्र में 13 मैचों में 143 की स्ट्राइक रेट से 303 रन बनाए थे। उन्होंने भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान भी प्रभावित किया और मेलबर्न में चौथे टेस्ट में 114 रन की साहसिक पारी भी खेली थी। नीतीश जल्द ही सनराइजर्स की टीम से जुड़ जाएंगे जिसे अपना पहला मैच 23 मार्च को हैदराबाद में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलना है।