भारत-मालदीव के बीच फुटबॉल मैच से वापसी करेंगे सुनील छेत्री
भारत और मालदीव के बीच होने वाले अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैच में सबकी निगाहें संन्यास से लौटने वाले स्टार स्ट्राइकर सुनील छेत्री पर रहेंगी। भारत के लिए यह मैच एक सप्ताह से भी कम समय में इसी स्थान पर बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले एएफसी एशियाई कप क्वालीफायर मैच के लिए ड्रेस रिहर्सल के रूप में काम करेगा।

भारत एशिया कप क्वालीफायर में पहला मैच 25 मार्च को बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगा और छेत्री ने इस प्रतियोगिता में भारत को सफलता दिलाने के लिए ही इस महीने के शुरू में संन्यास से लौटने का ऐलान किया था। भारत के लिए यह अभ्यास मैच ऐतिहासिक भी है क्योंकि वह पहली बार फुटबॉल के दीवाने इस पहाड़ी शहर में मैच खेलेगी। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में लौटने का ऐलान के बाद यह भारत के सर्वकालिक शीर्ष स्कोरर छेत्री का भी पहला मैच होगा।
मुख्य कोच मानोलो मार्केज़ ने मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘यह पहला अवसर है जबकि हम यहां खेल रहे हैं, लेकिन मैंने यहां के कई कोचों और खिलाड़ियों के साथ काम किया है। मुझे पता था कि यह बहुत अच्छी जगह है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे याद है जब मैंने पिछले साल शिलांग में डूरंड कप देखा था, तो मैंने कहा था, वाह, मैदान, भीड़, माहौल, सब कुछ अच्छा है। मैं मजाक नहीं कर रहा हूं, मैंने कहा था कि यह बहुत अच्छा होगा अगर एक दिन राष्ट्रीय टीम यहां खेल सके।’’
डिफेंडर मेहताब सिंह ने कहा, ‘‘हमें शिलांग में आकर अच्छा लग रहा है। यह पहली बार है कि हमारी राष्ट्रीय टीम यहां खेलेगी। उत्तर-पूर्व अपने फुटबॉल प्रशंसकों के लिए जाना जाता है। फुटबॉल यहां का सबसे बड़ा खेल है। फुटबॉल को विभिन्न क्षेत्रों में ले जाना भारतीय फुटबॉल के लिए अच्छी बात है।’’
भारत मैच में बड़ी जीत के उद्देश्य से मैदान पर आएगा, लेकिन उसे मालदीव को किसी भी तरह से कम करके नहीं आंकना होगा। भारत को इस मैच से बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले मैच से पहले यह पता करने का मौका मिलेगा कि उसे किन क्षेत्रों में सुधार करने की जरूरत है।