Trending

आईओसी के आजीवन मानद अध्यक्ष के रूप में थॉमस बाक नियुक्त

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के अध्यक्ष थॉमस बाक को बुधवार को आजीवन मानद अध्यक्ष नामित किया गया। यह ऐतिहासिक ऐलान 144वें आईओसी सत्र के पहले दिन हुई, जब बाक जून में 12 वर्षों के नेतृत्व के बाद पद से हटने की तैयारी कर रहे हैं।

साभार : गूगल

ग्रीस के कोस्टा नावारिनो में आयोजित सत्र में आईओसी सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव को मंजूरी दी और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच इस सम्मान को स्वीकार करने के लिए बाक मंच की ओर बढ़े। 71 वर्षीय इस दिग्गज खेल प्रशासक ने भावुक होकर कहा, मैं इस महान सम्मान को गहरी विनम्रता के साथ स्वीकार करता हूँ।

यह सिर्फ एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं है, बल्कि हम सभी की संयुक्त सफलता है। अगर हम ओलंपिक मूल्यों के प्रति एकजुट नहीं होते, तो शायद हम यहां तक नहीं पहुंच पाते। इसलिए, जो सम्मान आज मुझे दिया जा रहा है, मैं उसे आप सभी को समर्पित करता हूँ।

ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता रहे बाक ने खेलों के अपने जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा, कई लोग कह सकते हैं कि पिछले 12 साल कठिन रहे, त्याग की आवश्यकता थी, लेकिन मैंने इसे कभी बलिदान नहीं समझा। एक एथलीट के रूप में मेरा सफर खत्म होने के बाद मुझे खेलों के प्रति अपना जुनून बनाए रखने का सौभाग्य मिला। मेरा ओलंपिक स्वर्ण पदक मेरी जिंदगी बदलने वाला क्षण था, और आईओसी अध्यक्ष के रूप में, मुझे दूसरों के जीवन को बदलने का अवसर मिला।

23 जून को, जो कि ओलंपिक दिवस भी है, बाक का कार्यकाल आधिकारिक रूप से समाप्त होगा और आईओसी अपना 10वां अध्यक्ष चुनेगा। बाक ने विश्वास जताया कि संगठन का भविष्य उज्ज्वल रहेगा। उनके कार्यकाल में बदलाव या बदलाव के लिए तैयार रहो के सिद्धांत पर चलते हुए कई ऐतिहासिक सुधार किए गए।

तीन प्रमुख रणनीतिक रोडमैप – ओलंपिक एजेंडा 2020 (2014), ओलंपिक एजेंडा 2020+5 (2021) और ओलंपिक एआई एजेंडा (2024) – लागू किए गए, जिसने ओलंपिक आंदोलन को नई दिशा दी।

आईओसी सत्र के दौरान, ओलंपिक एजेंडा की उपलब्धियों पर भी चर्चा की गई, जिसने ओलंपिक खेलों को आयोजित करने, प्रस्तुत करने और सुधारने में क्रांतिकारी बदलाव लाए। इस सुधार की सफलता को दर्शाने के लिए 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री भी प्रस्तुत की गई, जिसमें खिलाड़ियों, अधिकारियों और हितधारकों की प्रतिक्रियाएं थीं।