Trending

लखनऊ करेगा भारत-दक्षिण अफ्रीका टी-20 मैच की मेजबानी

भारत इस साल अक्टूबर में दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला के लिए 12 साल के अंतराल के बाद वेस्टइंडीज की मेजबानी करेगा, जबकि दक्षिण अफ्रीका नवंबर में सभी प्रारूपों के दौरे के लिए आएगी। इसमें भारत-दक्षिण अफ्रीका टी-20 सीरीज के एक मैच की मेजबानी लखनऊ करेगा।

बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि भारत दो अक्टूबर से मोहाली में पहले टेस्ट में विंडीज से भिड़ेगा, जबकि दूसरा टेस्ट 10 अक्टूबर से कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होगा।

साभार : गूगल

वेस्टइंडीज का भारत का पिछला टेस्ट दौरा 2013-14 में हुआ था, जो महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर का अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच था। कैरेबियाई टीम का भारत का पिछला दौरा 2022 में तीन वनडे और इतने ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए हुआ था। वेस्टइंडीज श्रृंखला के बाद दक्षिण अफ्रीकी टीम दो टेस्ट, तीन एकदिवसीय और पांच टी20 मैचों की श्रृंखला के लिए भारत आएगी।

टी20 श्रृंखला से दोनों टीमों को अगले साल भारत में होने वाले टी-20 विश्व कप की तैयारी का मौका मिलेगा। शुक्ला ने कहा, ‘‘पहला टेस्ट दिल्ली में होगा, जबकि दूसरा टेस्ट गुवाहाटी में होगा।’’ यह गुवाहाटी में पहला टेस्ट होगा, जो सफेद गेंद के मैचों की मेजबानी करता है। यह शहर पिछले दो सत्रों से आईपीएल मैचों की मेजबानी भी कर रहा है।

टेस्ट मैचों के बाद, पहला वनडे 30 नवंबर को रांची में होगा, जबकि रायपुर तीन दिसंबर को दूसरे वनडे की मेजबानी करेगा। अंतिम वनडे छह दिसंबर को विशाखापत्तनम में होगा। पहला टी20 मैच नौ दिसंबर को खेला जाएगा, इसके बाद मुकाबले 11, 14, 17 और 19 दिसंबर को कटक, नागपुर, धर्मशाला, लखनऊ और अहमदाबाद में आयोजित होंगे।

  • पहला वनडे – 30 नवंबर – रांची
  • दूसरा वनडे – 3 दिसंबर – रायपुर
  • तीसरा वनडे – 6 दिसंबर – विजग
  • पहला टी20 – 9 दिसंबर – कटक
  • दूसरा टी20 – 11 दिसंबर – नागपुर
  • तीसरा टी20 – 14 दिसंबर – धर्मशाला
  • चौथा टी20 – 17 दिसंबर – लखनऊ
  • पांचवां टी20 – 19 दिसंबर – अहमदाबाद

भारत इस साल सितंबर में आईसीसी महिला वनडे विश्व कप की मेजबानी करेगा। शुक्ला ने कहा, ‘‘तारीखें अभी तय नहीं हुई हैं लेकिन विजाग में पहला मैच खेला जाएगा और अन्य स्थानों में गुवाहाटी, मुल्लांपुर (पंजाब), तिरुवनंतपुरम और इंदौर हैं। फाइनल के लिए स्थान तय नहीं है।’’