Trending

आईपीएल : पंजाब किंग्स के नए अभियान ‘बस जीतना है’ का शानदार अनावरण

आईपीएल 2025 के अपने पहले मुकाबले से पहले पंजाब किंग्स ने अपने नए अभियान ‘बस जीतना है’ का शानदार अनावरण किया। इस हाई-ऑक्टेन अभियान की अगुवाई कप्तान श्रेयस अय्यर, मुख्य कोच रिकी पोंटिंग और टीम के अन्य स्टार खिलाड़ी कर रहे हैं, जो पंजाब किंग्स के जुझारूपन और निडर मानसिकता को दर्शाता है।

@PunjabKingsIPL

टीम के इस अभियान को एक पावरफुल वीडियो के जरिए लॉन्च किया गया, जिसमें अर्शदीप सिंह, लॉकी फर्ग्यूसन, युजवेंद्र चहल, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टॉइनिस और मार्को जेनसेन अपने प्रशिक्षण और जोश से भरे दृश्यों में नजर आ रहे हैं।

वीडियो का एक खास मोमेंट अर्शदीप सिंह की शेर दी दहाड़ के साथ सामने आता है, जो पंजाब की निडर और आक्रामक क्रिकेट की भावना को दर्शाता है। इस जबरदस्त विजुअल को पंजाबी सिंगर परमिश वर्मा की दमदार आवाज़ ने और प्रभावी बना दिया है।

अभियान में उभरते सितारों को भी प्रमुखता मिली है, जिनमें शशांक सिंह, हरप्रीत ब्रार, प्रभसिमरन सिंह और निहाल वधेरा जैसे घरेलू सितारे हैं। इसके अलावा, युवा प्रतिभाएं प्रियंश आर्य और मुशीर खान भी इस वीडियो का अहम हिस्सा हैं, जो पंजाब किंग्स की मजबूत भारतीय टैलेंट पूल को उजागर करता है।

टीम के सीईओ सतीश मेनन ने अभियान को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा, ‘बस जीतना है’ सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि हमारे खिलाड़ियों और प्रशंसकों की भावनाओं को व्यक्त करता है। यह एक संकल्प है, जिसे हम हर मैच में लेकर उतरेंगे।

हमारा लक्ष्य सिर्फ मुकाबले जीतना नहीं, बल्कि मैदान पर पंजाब किंग्स की एक मजबूत और निडर पहचान बनाना है। उन्होंने आगे कहा, मुझे पूरा भरोसा है कि हमारे प्रशंसक इस अभियान को दिल से अपनाएंगे। कैंप का माहौल पूरी तरह से सकारात्मक है, और खिलाड़ी पूरी ऊर्जा के साथ सीजन में उतरने के लिए तैयार हैं।