आईपीएल : पंजाब किंग्स की 11 रन से जीत, कप्तान श्रेयस अय्यर का नाबाद अर्धशतक
आईपीएल के 5वें मैच में पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को 11 रन से हराया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए मैच में पंजाब ने पहले खेलते हुए 5 विकेट पर 243 रन बनाया। टीम से कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद 97 रन बनाए।

जवाब में गुजरात साई सुदर्शन के 74 रन के बावजूद 5 विकेट पर 232 रन ही बना सकी। बतौर सलामी बल्लेबाज मैदान पर उतरे प्रियांश आर्य (47) ने पंजाब को अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद अय्यर ने पारी को स्थिरता दी और आखिरी ओवरों में शशांक ने 16 गेंदों में नाबाद 44 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में शुभमन गिल (33) और साई सुदर्शन ने टीम को सधी हुई शुरुआत दिलाई। इसके बाद शेरफेन रदरफोर्ड (46) और जोस बटलर (54) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके। पंजाब ने 28 रन के स्कोर पर जब अपना पहला विकेट खोया, तब अय्यर क्रीज पर आए।
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से जोरदार फॉर्म में चल रहे अय्यर ने गुजरात के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 42 गेंदों पर 5 चौकों और 9 छक्कों की मदद से 97 रन बनाकर नाबाद रहे।
इस बीच उन्होंने शशांक (44) के साथ मिलकर 81 रन की अटूट साझेदारी की। अय्यर ने अपनी पारी में 26वां रन बनाते ही अपने टी-20 क्रिकेट करियर के 6,000 रन पूरे किए। उन्होंने अब तक 224 टी-20 मैचों में 6,071 रन बना लिए हैं। इस बीच उनके बल्ले से 147 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 3 शतक और 37 अर्धशतक लगाए हैं।
अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने 51 मैचों में 30.66 की औसत के साथ 1,104 रन बनाए हैं। राशिद खान ने अपने 4 ओवर में 48 रन देते हुए 1 विकेट लिया और इस लीग में अपने 150 विकेट पूरे किए। राशिद ने 150 आईपीएल विकेट का आंकड़ा छूने के लिए 122 मैच खेले।
अनुभवी लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने 118 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की थी। वहीं, पूर्व दिग्गज लसिथ मलिंगा ने 105 मैचों का सहारा लिया था। कुल मिलाकर, राशिद इस प्रतिष्ठित लीग में 150 विकेट हासिल करने वाले 12वें गेंदबाज बन गए।
ग्लेन मैक्सवेल पहली गेंद पर ही शून्य पर आउट हुए। मैक्सवेल आईपीएल में 19वीं बार शून्य पर आउट हुए हैं। उन्होंने इस मामले में मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज रोहित शर्मा और पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक को पीछे छोड़ दिया है। ये दोनों ही 18-18 बार शून्य पर आउट हुए हैं।
इसी तरह मैक्सवेल 10वीं बार गोल्डन डक (पहली गेंद पर आउट) हुए हैं। वह सर्वाधिक बार गोल्डन डक का शिकार होने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं। लक्ष्य का पीछा करते हुए सुदर्शन ने 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह आईपीएल करियर में उनका 7वां अर्धशतक रहा।
वह 41 गेंदों पर 74 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्हें अर्शदीप सिंह ने पारी के 13वें ओवर में पवेलियन की राह दिखाई। अपने आईपीएल करियर में सुदर्शन ने अब तक 26 पारियों में 48.17 की औसत और 141.32 की स्ट्राइक रेट से 1,108 रन बनाए हैं।
जब गुजरात ने 61 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब बटलर क्रीज पर आए। उन्होंने दबाव की घड़ी में अच्छी बल्लेबाजी करते हुए टीम को मैच में बनाए रखा।
उन्होंने 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस यह उनके आईपीएल करियर का 20वां अर्धशतक रहा। वह 33 गेंदों पर 54 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने सुदर्शन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 40 गेंदों पर 84 रन की साझेदारी भी की।