आईपीएल : पहली जीत के साथ केकेआर के अभियान का आगाज, क्विंटन डिकॉक का नाबाद अर्धशतक
आईपीएल 2025 के छठे मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स को 8 विकेट से हराकर इस सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज की। गुवाहाटी में खेले गए मैच में राजस्थान ने पहले खेलते हुए 9 विकेट पर 151 रन बनाया।

जवाब में केकेआर ने क्विंटन डिकॉक की पारी (नाबाद 97) की मदद से 18वें ओवर में लक्ष्य हासिल किया। राजस्थान से संजू सैमसन (13) के विकेट के पतन के बाद यशस्वी जायसवाल (29) और रियान पराग (25) भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।
संकट की घड़ी में ध्रुव जुरेल ने 33 रन की पारी खेली और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में केकेआर ने मोईन अली (5) का विकेट जल्दी खो दिया। डिकॉक ने एक छोर से अच्छी बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिलाई।
राजस्थान से पारी की शुरुआत करने आए जायसवाल ने 24 गेंदों में 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 29 रन बनाए। उन्हें मोईन अली ने पवेलियन की राह दिखाई। अपनी इस पारी के दौरान जायसवाल ने अपने टी-20 करियर में 3,000 रन पूरे किए।
उनके 106 टी-20 मैचों में लगभग 150 की स्ट्राइक रेट के साथ 3,008 रन हो गए हैं। इस बीच उन्होंने 3 शतक और 17 अर्धशतक लगाए हैं। जायसवाल ने अपने आईपीएल करियर में 200 चौके पूरे किए। अपने आईपीएल करियर में उन्होंने अब तक 54 पारियों में 31.48 की औसत और 149.36 की स्ट्राइक रेट से 1,637 रन बनाए हैं।
डिकॉक ने पारी के तीसरा ओवर करने आए जोफ्रा आर्चर के खिलाफ हाथ 1 चौका और 1 छक्का लगाया। उन्होंने बल्लेबाजी के लिए कठिन नजर आ रही पिच पर निरंतर रन बटोरे और 36 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके आईपीएल करियर का 24वां और केकेआर से पहला अर्धशतक रहा।
वह 61 गेंदों पर 97 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी इस पारी के दौरान अंगकृष रघुवंशी के साथ अच्छी साझेदारी भी की। वैभव अरोड़ा ने 33 रन देते हुए 2 विकेट लिए। प्रमुख तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने 36 रन देते हुए 2 सफलताएं मिली।
चक्रवर्ती ने अपने 4 ओवर में 17 रन देते हुए 2 विकेट लिए। उन्होंने पराग और हसरंगा के विकेट लिए। वहीं, मोईन ने अपनी फिरकी के जाल में यशस्वी जायसवाल और नितीश राणा को फंसाया। इस पूर्व इंग्लिश गेंदबाज ने अपने 4 ओवर में 23 रन दिए।