एएफसी महिला एशियाई कप क्वालीफायर में ग्रुप-बी में भारत शामिल
भारत की सीनियर महिला फुटबॉल टीम को एएफसी महिला एशियाई कप ऑस्ट्रेलिया 2026 क्वालीफायर के लिए गुरुवार को ग्रुप बी में थाईलैंड, मंगोलिया, तिमोर लेस्ते और इराक के साथ जगह मिली। टूर्नामेंट का ड्रॉ कुआलालंपुर में एएफसी हाउस में आयोजित किया गया।

थाईलैंड 23 जून से पांच जुलाई के बीच केंद्रीकृत एकल राउंड रोबिन प्रारूप में क्वालीफायर के ग्रुप बी की मेजबानी करेगा। ग्रुप विजेता फाइनल टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करेंगे जिसका आयोजन एक से 26 मार्च 2026 तक ऑस्ट्रेलिया के तीन शहरों में होगा।
ड्रॉ के लिए छह मार्च की फीफा महिला विश्व रैंकिंग के आधार पर टीमों को वरीयता मिली। महाद्वीप की शीर्ष प्रतियोगिता के 21वें सत्र के लिए आठ स्थान दांव पर लगे हैं जिसके लिए 34 टीम चुनौती पेश करेंगी।
मेजबान ऑस्ट्रेलिया और एएफसी महिला एशियाई कप भारत 2022 की शीर्ष तीन टीम – गत चैंपियन चीन, उप विजेता दक्षिण कोरिया और तीसरे स्थान पर रहने वाले जापान को टूर्नामेंट में सीधे प्रवेश मिला है। एएफसी महिला एशियाई कप ऑस्ट्रेलिया 2026 से शीर्ष छह टीम फीफा महिला विश्व कप ब्राजील 2027 के लिए क्वालीफाई करेंगी।