अनाहत सिंह और अभय सिंह जेएसडब्ल्यू इंडियन ओपन के फाइनल में
नंबर-1 भारतीय महिला स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह और अभय सिंह ने जेएसडब्ल्यू इंडियन ओपन के सेमीफाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन कर फाइनल में जगह बनाई।

बॉम्बे जिमखाना के लॉन में स्थित आउटडोर ग्लास कोर्ट पर गुरुवार को खेले गए इन मुकाबलों ने दर्शकों को एक अनूठा अनुभव प्रदान किया। यह भारत का पहला पीएसए स्क्वैश कॉपर टूर्नामेंट है। पहले सेमीफाइनल में भारत की नई स्क्वैश सनसनी अनाहत सिंह का सामना अनुभवी जोशना चिनप्पा से हुआ। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जहां अनाहत ने जबरदस्त शुरुआत करते हुए पहला सेट आसानी से जीता।
हालांकि, 38 वर्षीय जोशना ने अपने अनुभव का फायदा उठाते हुए दूसरा सेट जीतकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद अनाहत ने शानदार वापसी की और कोर्ट पर बेहतरीन एंगल्स का इस्तेमाल करते हुए अगले दो सेट जीतकर 32 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अनाहत ने 3-1 (11-7, 5-11, 11-6, 11-6) से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल, जो पुरुष वर्ग का पहला मुकाबला था, में भारत के अभय सिंह का सामना मिस्र के करीम अल हम्मामी से हुआ। अभय ने जबरदस्त शुरुआत करते हुए पहले दो सेट आसानी से जीत लिए।
हालांकि, करीम ने तीसरा सेट जीतकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया। लेकिन इसके बाद अभय ने चौथा सेट पूरी तरह से अपने नियंत्रण में रखते हुए 55 मिनट में मुकाबला 3-1 (11-4, 11-6, 6-11, 11-6) से जीत लिया।