चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ जीत पर राजस्थान रॉयल्स की निगाहें
राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच रविवार को आईपीएल 2025 का 11वां मैच होगा। दोनों टीम गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम टकराएंगी। राजस्थान और सीएसके का मौजूदा सीजन में यह तीसरा मैच है। राजस्थान का जीत का खाता नहीं खुला है।

उसे सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथों शिकस्त मिली। वहीं, सीएसके को पहले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत के बाद अगले मुकाबले में आरसीबी ने हराया। बरसापारा में अब तक पांच आईपीएल मैच खेले गए हैं।
यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने दो मैच अपने नाम किए और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को भी दो जीत नसीब हुईं। एक मुकाबले का नतीजा नहीं निकला। बरसापारा में हाईएस्ट स्कोर 199/4 है, जो राजस्थान ने 2023 में बनाया था।
यहां लोएस्ट स्कोर 142/9 है, दिल्ली कैपिटल्स ने बनाया। गुवाहाटी में पहली पारी का औस्त स्कोर 138 है। इस मैदान पर संतुलित मुकाबले देखने को मिले हैं। बरसापारा में बड़े स्कोर खड़े करना आसान नहीं है। यहां बल्लेबाजों की तुलना में अक्सर गेंदबाजों का अधिक दबदबा रहता है। धीमी मानी जाने वाली पिच पर स्पिनर्स का जलवा देखने को मिल सकता है।
राजस्थान ने अपना पिछला मैच भी बरसापारा में खेला था, जिसमें उसे केकेआर ने 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। केकेआर ने 152 रनों का लक्ष्य 15 गेंद बाकी रहते आसानी से चेज कर लिया था। क्विंटन डिकॉक ने 61 गेंदों में नाबाद 97 रनों की पारी खेली थी, जो इस मैदान पर किसी भी बल्लेबाज का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है।
राजस्थान के पूर्व ओपनर जोस बटलर टॉप स्कोरर हैं, जिनके बल्ले से 98 रन निकले। बटलर अब गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं। यहां सबसे ज्यादा छक्के लगाने का कारनामा राजस्थान के शिमरोन हेटमायर ने किया है। हिटमायर ने 7 छक्के मारे है। यशस्वी जायसवाल ने सबसे अधिक 13 चौके जमाए हैं।