Trending

आईपीएल : चेन्नई को 6 रन से हराकर राजस्थान ने गुवाहाटी में दर्ज की पहली जीत

राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2025 के 11वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स को 6 रन से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने निर्धारित 20 ओवरों के बाद 9 विकेट पर 182 रन बनाया।

BCCI

जवाब में सीएसके पूरे ओवर खेलने के बावजूद लक्ष्य हासिल करने में नाकाम रही। यशस्वी जायसवाल (4) का विकेट जल्दी जाने के बाद संजू सैमसन (20), नितीश राणा (81) और रियान पराग (37) ने अच्छी पारियां खेलीं।

शीर्षक्रम के अच्छे प्रदर्शन के बाद मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने निराश किया और टीम 200 रन का आंकड़ा नहीं छू सकी। जवाब में सीएसके से रचिन रविंद्र अपना खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद रुतुराज गायकवाड़ ने अच्छी बल्लेबाजी की और पूरी टीम 6 विकेट पर 176 रन ही बना सकी।

राजस्थान ने जब 4 रन के टीम स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब राणा क्रीज पर आए। उन्होंने पारी का तीसरा ओवर करने आए जेमी ओवरटन की गेंद पर थर्ड मैन पर छक्का लगाकर अपने इरादे जाहिर किए।

BCCI

उन्होंने क्रीज पर कुछ समय बिताने के बाद तेजी से बल्लेबाजी की और सिर्फ 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 36 गेंदों में 10 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 81 रन की पारी खेलकर आउट हुए।

इससे पहले नितीश का सबसे तेज अर्धशतक आईपीएल 2023 में हैदराबाद के खिलाफ आया था। उन्होंने उस मुकाबले में 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था। नितीश नंबर-3 या उससे निचले क्रम में खेलते हुए पावरप्ले के दौरान अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में आ गए हैं।

बता दें कि उनसे पहले सुरेश रैना, मोईन अली, अजिंक्य रहाणे और रिद्धिमान साहा ऐसा कर चुके हैं। सैमसन 16 गेंदों में 1 चौका और 1 छक्के की मदद से 20 रन बनाकर आउट हुआ। इस बीच उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 4.500 रन का आंकड़ा पार किया।

उनके नाम अब 171 मैच की 166 पारियों में 30.73 की औसत और 139.27 की स्ट्राइक रेट के साथ 4,518 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 3 शतक और 26 अर्धशतक लगाए हैं। वह राजस्थान के अलावा दिल्ली कैपिटल्स से भी खेल चुके हैं।

सीएसके के तेज गेंदबाज खलील अहमद ने अपने 4 ओवर में 38 रन देते हुए 2 विकेट लिए। उन्होंने यशस्वी जायसवाल और जोफ्रा आर्चर को पवेलियन की राह दिखाई। इस बीच खलील ने अपने टी-20 करियर में 150 विकेट पूरे किए। उन्होंने अब तक 117 टी-20 मैचों में 150 विकेट ले लिए हैं।

अपने आईपीएल करियर में उन्होंने 60 मैचों में 80 विकेट झटके हैं। गायकवाड़ ने 44 गेंदों में 63 रन की पारी खेली। उनकी इस संघर्षपूर्ण पारी का अंत हसरंगा ने किया। यह उनके आईपीएल करियर का 20वां अर्धशतक रहा। सीएसके को पहला झटका शून्य पर ही लग गया था।

इसके बाद गायकवाड़ ने राहुल त्रिपाठी के साथ 39 गेंदों में 46 रन की साझेदारी निभाई। आईपीएल में यह गायकवाड़ का दूसरा अर्धशतक रहा। इससे पहले उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 53 रन बनाए थे।

हसरंगा ने 183 रन का लक्ष्य लेकर उतरी सीएसके की टीम को राहुल त्रिपाठी (23) के रूप में शुरुआती झटका दिया। इसके बाद भी उनकी शानदार गेंदबाजी जारी रखी और उन्होंने शिवम दुबे (18), विजय शंकर (9) और कप्तान रुतुराज गायकवाड़ (63) को भी पवेलियन की राह दिखा दी। इससे सीएसके पर दबाव आ गया। हसरंगा ने अपने 4 ओवर में 35 रन खर्च कर ये सफलताएं अर्जित की।