Trending

नीतीश राणा की पारी के केन विलियमसन मुरीद

न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन ने नीतीश राणा की तारीफ में खूब कसीदे पढ़े हैं। उन्होंने राणा की 36 गेंद में 81 रन की पारी को ‘शीर्ष स्तर की बेहतरीन पारी’ बोला और चेन्नई सुपरकिंग्स पर 6 रन की जीत का श्रेय राजस्थान रॉयल्स की फील्डिंग भी दिया।

साभार : गूगल

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए नीतीश ने आक्रामक पारी खेली जिससे रॉयल्स ने नौ विकेट पर 182 रन बनाए और फिर सुपरकिंग्स को छह विकेट पर 176 रन पर रोककर सत्र की पहली जीत दर्ज की। वानिंदु हसरंगा के चार विकेट और कार्यवाहक कप्तान रियान पराग का शिवम दुबे का एक हाथ से शानदार कैच लपकने सहित टीम के बेहतरीन क्षेत्ररक्षण ने जीत में अहम भूमिका निभाई।

सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के लिए खेल चुके विलियमसन ने कहा, ‘नीतीश स्पिन के खिलाफ एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं लेकिन उन्होंने अपनी पारी की शुरुआत तेज गेंदबाजी के खिलाफ की, गति का अच्छा इस्तेमाल किया।’

उन्होंने कहा, ‘शायद बाएं हाथ, दाएं हाथ के संयोजन के कारण वह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए। यह शीर्ष स्तर की एक बेहतरीन पारी थी।’ विलियमसन ने कहा, ‘राजस्थान रॉयल्स के पास कई अन्य प्रतिभाशाली बल्लेबाज हैं, लेकिन आज नीतीश मैच विजेता थे।

इस तरह के मैच में जहां ऐसी विकेट पर गलती की गुंजाइश काफी कम थी वहां मेरा मानना है कि राजस्थान रॉयल्स के क्षेत्ररक्षण ने उन्हें जीत दिलाई।’ सुपरकिंग्स को जब 12 गेंद पर 39 रन चाहिए थे तब महेंद्र सिंह धोनी (16) ने शॉर्ट थर्ड मैन पर एक चौका और तुषार देशपांडे की गेंद पर लॉन्ग ऑन पर लंबा छक्का लगाया लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

धोनी की जबरदस्त फैन फॉलोविंग पर बात करते हुए विलियमसन ने कहा, ‘सुपरकिंग्स विरोधी के मैदान पर खेल रहे थे, फिर भी अधिकतर दर्शक पीले रंग की पोशाक में थे, यह अविश्वसनीय था। हमने इसे पहले भी कई बार देखा है।’

उन्होंने कहा, ‘’मुझे लगा कि धोनी एक ओवर में 20 रन बनाकर मैच को खत्म कर देगा- उसने ऐसा कई बार किया है। लेकिन यह एक मुश्किल काम था क्योंकि आखिरी दो ओवर में 40 रन चाहिए थे। फिर भी उसे आउट होते देखना खास था।

मैं केवल कल्पना कर सकता हूं कि जब वह क्रीज पर हो तो किसी भी विपक्षी टीम के लिए स्कोर का बचाव करना कितना डरावना होगा।’ पूर्व भारतीय बल्लेबाज अंबाती रायुडू का भी मानना है कि क्षेत्ररक्षण ने मैच में बहुत बड़ा अंतर पैदा किया।

सीएसके के पूर्व खिलाड़ी रायुडू ने कहा, ‘जब आप कोई करीबी मैच खेल रहे होते हैं, तो ये एक प्रतिशत चीजें काफी मायने रखती हैं। हमने इस मैच में कई अविश्वसनीय कैच देखे- ऐसा देखना दुर्लभ है। दूसरी ओर, चेन्नई सुपरकिंग्स ने अंदरूनी घेरे में एक-दो मौकों को छोड़कर बिल्कुल भी अच्छा क्षेत्ररक्षण नहीं किया।’