घर में मुंबई इंडियंस ने चखा जीत का स्वाद, केकेआर को आठ विकेट से हराया
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2025 के 12वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को 8 विकेट से हराते हुए अपनी पहली जीत दर्ज की। वानखेड़े स्टेडियम में केकेआर के बल्लेबाजों ने निराश किया और टीम सिर्फ 116 रन पर सिमट गई।

जवाब में मुंबई ने 13वें ओवर में ही आसानी से लक्ष्य हासिल किया। टीम से रेयान रिकेल्टन ने अर्धशतक (62) लगाया। केकेआर ने 25 रन के स्कोर तक क्विंटन डिकॉक (1), सुनील नरेन (0) और कप्तान अजिंक्य रहाणे (11) के विकेट खो दिए।
खराब शुरुआत के बाद भी केकेआर के विकेटों के गिरने का क्रम जारी रहा और पूरी टीम महज 16.2 ओवर में ही सिमट गई। टीम से अंगकृष रघुवंशी ने सर्वाधिक 22 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने रिकेल्टन पारी से लक्ष्य हासिल किया। उनके अलावा सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 27 रन बनाए।

अश्विनी ने पारी के चौथे और अपने पहले ओवर की पहली गेंद पर कप्तान अजिंक्य रहाणे (11) को आउट कर केकेआर को तीसरा झटका दिया और अपने विकेटों का खाता खोला। इसके बाद उन्होंने शानदार गेंदबाजी जारी रखी और रिंकू सिंह (17), मनीष पांडे (19) और आंद्रे रसेल (5) को पवेलियन की राह दिखा दी।
इससे केकेआर पूरी तरह बैकफुट पर आ गई। अश्विनी ने अपने 4 ओवर में 24 रन खर्च कर ये सफलताएं अर्जित की। अश्विनी ने इस मैच में एक बड़ी उपलब्धि भी अपने नाम दर्ज की। वह आईपीएल डेब्यू की पहली गेंद पर विकेट लेने वाले 10वें गेंदबाज बन गए हैं।
मथीशा पथीराना यह उपलब्धि हासिल करने वाले 9वें खिलाड़ी थे। इन दोनों से पहले इशांत शर्मा, विलिकिन मोटा, शेन हारवुड, अमित सिंह, चार्ल लैंगवेल्ट, अली मुर्तजा, टीपी सुधिंद्रा और अल्जारी जोसेफ भी अपने आईपीएल डेब्यू की पहली गेंद पर विकेट चटकाने में सफल रहे हैं।
केकेआर से मनीष पांडे बतौर इम्पैक्ट प्लेयर बल्लेबाजी के लिए आए। वह 14 गेंदों पर 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से 19 रन की पारी खेलकर आउट हुए। इसके साथ ही पांडे आईपीएल के सभी सीजन में खेलने वाले सिर्फ चौथे खिलाड़ी बने हैं।
बता दें कि पांडे से पहले महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा और विराट कोहली ने सभी 18 संस्करणों में हिस्सा लिया है। छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई से रिकेल्टन ने 41 गेंदों में नाबाद 62 रन की पारी खेली।
उन्होंने अपने आईपीएल करियर का पहला अर्धशतक पूरा करने के लिए 33 गेंदों का सहारा लिया। अपनी इस अर्धशतकीय पारी के दौरान उन्होंने विपक्षी गेंदबाजों की अच्छी पिटाई की। दिलचस्प रूप से सुनील नरेन के एक ओवर में उन्होंने 2 बड़े छक्के भी लगाए। इससे पहले उनके स्कोर क्रमशः 13 और 6 रन थे।