निरगुंडी में एसएमवीटी बेंगलुरु-कामाख्या एसी एक्सप्रेस हुई डिरेल, हेल्पलाइन नंबर जारी

बीएस राय। ओडिशा के कटक जिले में एक एक्सप्रेस ट्रेन के पटरी से उतर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। ईस्ट कोस्ट रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि सुबह 11.54 बजे मंगुली के पास निरगुंडी में एसएमवीटी बेंगलुरु-कामाख्या एसी एक्सप्रेस के ग्यारह डिब्बे पटरी से उतर गए।
बचाव अभियान की निगरानी कर रहे कटक के जिला कलेक्टर दत्तात्रेय भाऊसाहेब शिंदे ने कहा, “दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए।” उन्होंने कहा कि इलाके में चल रही भीषण गर्मी के कारण दुर्घटना के बाद कुछ यात्री बीमार भी पड़ गए।
उन्होंने कहा, “दुर्घटना स्थल पर बनाए गए एक अस्थायी स्वास्थ्य शिविर में उनका इलाज किया गया। दुर्घटना में मामूली रूप से घायल हुए कुछ लोगों को भी प्राथमिक उपचार दिया गया और उन्हें यात्रा के लिए फिट घोषित किया गया। स्वास्थ्य शिविर में करीब 15 लोगों को प्राथमिक उपचार दिया गया।”
शिंदे ने बताया कि सात लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें कटक में सरकारी एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एससीबी एमसीएच) में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा, “सभी की हालत स्थिर है।” एससीबी एमसीएच के प्रशासनिक अधिकारी सुभाष चंद्र रे ने बताया, “मरने वाला एक व्यक्ति पुरुष है। सात घायलों में तीन पुरुष और चार महिलाएं हैं।”
ओडिशा अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान पूरा हो गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद एनडीआरएफ के साथ मिलकर रेलवे की मदद की गई। ट्रेन बेंगलुरू से असम के गुवाहाटी के कामाख्या स्टेशन जा रही थी। अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना हावड़ा-चेन्नई मार्ग की डाउन लाइन पर हुई, जिससे रेल सेवाएं प्रभावित हुईं।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना स्थल को जल्द से जल्द खाली करने का प्रयास किया जा रहा है और अप लाइन को पहले ही चालू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना स्थल से फंसे यात्रियों को लेकर एक विशेष ट्रेन कामाख्या के लिए रवाना हो गई है। पटरी से उतरने के कारण तीन ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया। ये ट्रेनें हैं धौली एक्सप्रेस, नीलाचल एक्सप्रेस और पुरुलिया एक्सप्रेस।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दुर्घटना पर चिंता व्यक्त की और कहा, “अधिकारी मौके पर हैं, सहायता सुनिश्चित कर रहे हैं और जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल कर रहे हैं। सहायता के लिए हेल्पलाइन सक्रिय की गई हैं।” हेल्पलाइन हैं 8455885999 और 8991124238।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि दुर्घटना में उनके राज्य के दो लोग घायल हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “दोनों खतरे से बाहर हैं।” सरमा ने कहा कि उनका कार्यालय ओडिशा सरकार और रेलवे के संपर्क में है। उन्होंने कहा, “हम प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति से संपर्क करेंगे।”