Trending

जीत की राह पर वापसी का कोलकाता नाइट राइडर्स का इरादा, सनराइजर्स हैदराबाद से होगी टक्कर

गुरुवार को आईपीएल मैच में तीन में से दो मैच हार चुकी गत विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स और पिछले साल फाइनल खेलने वाली सनराइजर्स हैदराबाद के बीच टक्कर होगी, केकेआर का लक्ष्य जीत की राह पर लौटने का होगा।

साभार : गूगल

टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने सत्र के पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से मिली हार के बाद कहा था कि घबराने की जरूरत नहीं है। लेकिन तीन मैचों में दो हार के बाद टीम का मनोबल थोड़ा गिरा होगा।

पिछले सत्र में केकेआर ने तीन मैच हारे थे। फोकस एक बार फिर ईडन गार्डंस की पिच पर होगा, आरसीबी से सात विकेट से मिली हार के बाद इसकी काफी आलोचना हुई है। टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट और विराट कोहली ने 175 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 51 गेंद में 95 रन की साझेदारी करके आरसीबी को जीत दिलाई थी।

बंगाल क्रिकेट संघ पर दबाव है कि स्पिनरों से भरी केकेआर टीम के अनुकूल पिच बनवाई जाये। टीम के पास सुनील नारायण, मोईन अली और वरूण चक्रवर्ती हैं। चैम्पियंस ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करके आये स्पिनर चक्रवर्ती ने आरसीबी के खिलाफ 10 . 75 प्रति ओवर की दर से रन दिये।

रिपोर्ट की मानें तो ईडन गार्डंस के पिच क्यूरेटर सुजन मुखर्जी ने पहले मैच में स्पिनरों की मददगार पिच बनाने का केकेआर का अनुरोध खारिज किया था और यह फैसला टीम पर भारी पड़ गया।

चक्रवर्ती ने उस मैच में 45 रन दिये। मुखर्जी ने अपने फैसले को सही ठहराया लेकिन अब कैब अध्यक्ष स्नेहाशीष गांगुली खुद क्यूरेटर के साथ पिच का मुआयना कर रहे हैं जिससे आगामी मैचों में पिच में बदलाव देखा जा सकता है।

पिच के अलावा टीम संयोजन को लेकर भी काफी सवाल हैं। उनकी गेंदबाजी और बल्लेबाजी में तालमेल नजर नहीं आ रहा और स्टार खिलाड़ी चल नहीं रहे हैं। टीम ने जिन चार खिलाड़ियों को नीलामी से पहले रिलीज किया था, उन सभी ने टूर्नामेंट के पहले दस दिन में शानदार प्रदर्शन किया है।

इनमें पूर्व कप्तान श्रेयस अय्यर (पंजाब किंग्स), उपकप्तान नीतिश राणा (राजस्थान रॉयल्स), फिल साल्ट (आरसीबी) और तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क (दिल्ली कैपिटल्स) हैं।

स्टार्क के जाने से केकेआर की तेज गेंदबाजी काफी कमजोर हुई है। वहीं स्टार्क ने दिल्ली के लिये सनराइजर्स के खिलाफ 35 रन देकर पांच विकेट लिये। स्टार्क की जगह आये स्पेंसर जॉनसन प्रभावित नहीं कर सके हैं जबकि एनरिच नॉर्किया चोट के कारण बाहर हैं।

मोटे दाम पर खरीदे गए वेंकटेश अय्यर दो मैचों में नौ रन ही बना सके हैं। रिटेन खिलाड़ियों में रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, सुनील नारायण, हर्षित राणा और रमनदीप सिंह फॉर्म में नहीं हैं।

वहीं पहले मैच में छह विकेट पर 286 रन बनाने वाली सनराइजर्स पिछले दो मैचों में 200 रन भी नहीं बना पाई। आक्रामक बल्लेबाजी की रणनीति नाकाम रही है और पिछले दो मैचों में लखनऊ सुपर जाइंट्स और दिल्ली कैपिटल्स ने उसे हराया।

पैट कमिंस की टीम को पिछले आईपीएल फाइनल में मिली हार का बदला चुकता करने के लिये अपने प्रदर्शन में काफी सुधार करना होगा। ईडन गार्डंस पर कमिंस और मोहम्मद शमी खतरनाक हो सकते हैं। घरेलू क्रिकेट में बंगाल के लिये खेलने वाले शमी का यह घरेलू मैदान है।

सनराइजर्स हैदराबाद: पैट कमिंस (कप्तान), ट्रैविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, अभिषेक शर्मा, सचिन बेबी, मोहम्मद शमी, एडम जाम्पा, अनिकेत वर्मा, अभिनव मनोहर, राहुल चाहर, ईशान मलिंगा, हर्षल पटेल, कामिंडु मेंडिस, वियान मुल्डर, नितीश कुमार रेड्डी, अथर्व तायडे, ब्रायडन कार्से, सिमरजीत सिंह, जयदेव उनादकट, जीशान अंसारी

कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, क्विंटन डिकॉक, रहमानुल्लाह गुरबाज, अंगकृष रघुवंशी, रोवमैन पावेल, मनीष पांडे, लवनिथ सिसोदिया, वेंकटेश अय्यर, अनुकूल रॉय, मोईन अली, रमनदीप सिंह, आंद्रे रसेल, एनरिच नॉर्किया, वैभव अरोड़ा, मयंक मारकंडेय, स्पेंसर जॉनसन, हर्षित राणा, सुनील नारायण, वरुण चक्रवर्ती और वरुण सकारिया