चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स का मध्यक्रम मजबूत
आईपीएल का 17वां मैच चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होगा। यह मैच चेन्नई सुपर किंग्स के होम ग्राउंड चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा। चेन्नई की तेज गर्मी में यह मैच दोपहर बाद खेला जाएगा।

जिस तरह यहां की पिच स्पिनर्स के लिए मददगार रही है, ऐसे में दोनों टीमों की जीत की संभावना लगभग बराबर है। ऐसी परिस्थितियों में दिल्ली के लिए कुलदीप और चेन्नई के लिए नूर की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कुलदीप का इकोनॉमी रेट अभी तक 5.25 जबकि नूर का 6.83 है। बीच के ओवरों में यह दोनों स्पिनर अपना प्रभाव छोड़ सकते हैं। हालांकि हालिया प्रदर्शन को लेकर चेन्नई के खेमे में चिंता जरूर रहेगी। कुलदीप और नूर, दोनों कलाई के स्पिनर हैं और उनके बीच मुकाबला दिलचस्प होगा।
नूर जहां अधिक गति से गेंदबाजी करते हैं वहीं कुलदीप ने क्रीज के कोणों का इस्तेमाल करने और अपनी गेंदों की गति को बदलने की कला में महारत हासिल कर ली है। अगर बल्लेबाजी की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स को आशुतोष शर्मा, विपराज निगम और अनुभवी केएल राहुल की मौजूदगी से मध्यक्रम में मजबूती मिली है।
दूसरी तरफ चेन्नई सुपर किंग्स के लिए महेंद्र सिंह धोनी की मारक क्षमता कम होना चिंता का विषय है। शिवम दुबे को छोड़कर उसके मध्यक्रम में कोई भी ऐसा बल्लेबाज नहीं है जो अंतिम 10 ओवरों में 180 या 200 की स्ट्राइक रेट से रन बना सके।
चेन्नई के सलामी बल्लेबाज राहुल त्रिपाठी की तेज गेंदबाजों के सामने कमजोरी खुलकर सामने आ गई है। धोनी ने उन्हें ऋतुराज गायकवाड की जगह पारी का आगाज करने के लिए भेजने का फैसला किया था। लेकिन वह अभी तक अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरे हैं।
दिल्ली की टीम में फाफ डु प्लेसी की मौजूदगी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है क्योंकि दक्षिण अफ्रीका का यह बल्लेबाज लंबे समय तक चेन्नई की टीम का हिस्सा रहा था। वह यहां की परिस्थितियों से अच्छी तरह अवगत हैं। उनके अनुभव का जेक-फ्रेजर मैक्गर्क, ट्रिस्टन स्टब्स और अभिषेक पोरेल जैसे बल्लेबाजों को मदद मिलेगी।
मैक्गर्क को स्पिनरों को खेलने में थोड़ी दिक्कत होती है और यह देखना दिलचस्प होगा कि ऑस्ट्रेलिया का यह बल्लेबाज रविचंद्रन अश्विन जैसे अनुभवी स्पिनर का किस तरह से सामना करता है।
अश्विन अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। एमए चिदंबरम स्टेडियम में इन दोनों टीमों के बीच अभी तक जो नौ मैच खेले गए हैं उनमें से चेन्नई सात मैच में विजयी रहा है। यह मैच दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा।
चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), एमएस धोनी, रवींद्र जडेजा, शिवम दुबे, मथीशा पथिराना, नूर अहमद, रविचंद्रन अश्विन, डेवोन कॉनवे, सैयद खलील अहमद, रचिन रवींद्र, राहुल त्रिपाठी, विजय शंकर, सैम कुरेन, शेख राशिद, अंशुल कंबोज, मुकेश चौधरी, दीपक हुडा, गुरजनप्रीत सिंह, नाथन एलिस, जेमी ओवरटन, कमलेश नागरकोटी, रामकृष्णन घोष, श्रेयस गोपाल, वंश बेदी, आंद्रे सिद्दार्थ
दिल्ली कैपिटल्स: अक्षर पटेल (कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), जेक फ्रेजर-मैकगर्क, करुण नायर, फाफ डु प्लेसी, डोनोवन फरेरा, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), ट्रिस्टन स्टब्स (विकेटकीपर), समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, दर्शन नालकंडे, विप्रज निगम, अजय मंडल, मनवंत कुमार, त्रिपुराना विजय, माधव तिवारी, मिशेल स्टार्क, टी नटराजन, मोहित शर्मा, मुकेश कुमार, दुष्मंथा चमीरा कुलदीप यादव