ऋतुराज गायकवाड़ चोटिल, धोनी हो सकते हैं सीएसके के कप्तान !
आईपीएल 2025 में विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी कप्तानी करते हुए दिखाई दे सकते हैं। चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच शनिवार को मुकाबला होगा। इस मैच में धोनी कप्तानी कर सकते हैं।

टीम के नियमित कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान कोहनी में चोट लगी थी। अगर वह इस मुकाबले से पहले पूरी तरह से फिट नहीं होते हैं तो धोनी को कमान सौंपी जा सकती है।
माइकल हसी ने कहा, ”मुझे नहीं लगता हमने उसके (कप्तानी) बारे में सोचा है। मैंने इसके बारे में ज्यादा नहीं सोचा है। मुझे यकीन है कि स्टीफन फ्लेमिंग और ऋतुराज ने इस पर चर्चा की होगी। लेकिन हमारे पास एक युवा लड़का (धोनी) है, जो विकेट के पीछे है। शायद वह अच्छा काम कर सकता है।”
एमएस धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम पांच बार चैंपियन बन चुकी है। आईपीएल के इतिहास में मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स ही 5-5 बार ट्रॉफी जीत सकी हैं।
चेन्नई में मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस से बात करते हुए बैटिंग कोच माइकल हसी ने कहा कि ऋतुराज गायकवाड़ की फिटनेस पर फैसला शुक्रवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में प्रशिक्षण सत्र के दौरान होगा। उन्होंने ये भी हिंट दिया है कि मैच के दिन उनके खेलने पर फैसला लिया जाएगा।
धोनी ने आईपीएल 2024 की शुरुआत में गायकवाड़ को सीएसके का पूर्णकालिक कप्तान बनने का रास्ता दिया था। फ्रेंचाइजी के इतिहास में धोनी ने 2008 में प्रतियोगिता शुरू होने के बाद से कप्तानी की थी। 2022 में सीएसके ने रविंद्र जडेजा को कप्तान बनाया था लेकिन लगातार हार के चलते धोनी को बीच सत्र में ही पदभार संभालना पड़ा था।