हार्दिक नहीं, इस शख्स ने तिलक वर्मा को रिटायर आउट किया
आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम मुंबई इंडियंस के मैच की सबसे बड़ी हाईलाइट तिलक वर्मा रहे। तिलक को रिटायर आउट किया गया था। उस वक्त मुंबई को सात गेंदों में 24 रनों की जरूरत थी। तिलक की जगह बल्लेबाजी करने आए मिचेल सैंटनर।

हालांकि सैंटनर भी कुछ खास नहीं कर सके और मुंबई की टीम यह मैच हार गई। अब तिलक वर्मा को रिटायर आउट करने के फैसले की खूब आलोचना हो रही है। क्रिकेट एक्सपर्ट्स से लेकर सोशल मीडिया पर यह मुद्दा खूब छाया हुआ है।
माना जा रहा था कि तिलक वर्मा को रिटायर करने के पीछे कप्तान हार्दिक पांड्या की भूमिका है। लेकिन अब वह शख्स सामने आया, जिसने तिलक वर्मा को रिटायर करने का फैसला लिया। तिलक वर्मा को रिटायर करने का फैसला मुंबई इंडियंस के कोच महेला जयवर्धने ने लिया था। मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में जयवर्धने ने खुद यह बात स्वीकार की है।
साथ ही जयवर्धने ने तिलक की तरफ करते हुए कहाकि तिलक ने बीच के ओवरों में सूर्यकुमार यादव को सेटल होने का मौका दिया। मुंबई इंडियंस के कोच ने कहाकि तिलक ने हमारे लिए शानदार बैटिंग की।
सूर्या के साथ तिलक की भागीदारी ने सुनिश्चित किया कि हम मैच में बने रहें। उन्होंने यह कहकर अपने फैसले का बचाव किया यह मन-मुताबिक फैसला पाने के लिए लिया गया एक टैक्टिकल डिसीजन था। हालांकि सबकुछ हमारी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।
इसके साथ ही जयवर्धने ने वह वजह भी बताई, जिसके चलते उन्होंने तिलक को रिटायर करने का फैसला किया। महेला ने कहाकि मैंने करीब आखिरी ओवर तक इंतजार किया। मुझे लग रहा था कि वह लंबे समय से बल्लेबाजी कर रहे हैं।
लेकिन तिलक बड़े शॉट्स लगाने के लिए स्ट्रगल करते नजर आ रहे थे। ऐसे में मुझे लगा कि कोई नया बल्लेबाज जाएगा तो आसानी से बड़े शॉट्स लगा सकेगा।
मुंबई इंडियंस को आखिरी ओवर में 22 रनों की जरूरत थी। हार्दिक ने आवेश खान की पहली ही गेंद पर छक्का मारकर मुंबई के लिए उम्मीदें बढ़ाईं। लेकिन लखनऊ की टीम वापसी करने में कायमाब रही। उसने अंतिम पांच गेंदों में मात्र तीन रन ही खर्च किए।
बताते चले कि, लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ हार्दिक पांड्या ने टी20 क्रिकेट में पहली बार पांच विकेट लिए। इसके अलावा सूर्यकुमार यादव ने 67 रन की तेजतर्रार पारी खेली।
लेकिन यह नाकाफी साबित हुआ और लखनऊ सुपर जायंट्स ने शुक्रवार को आईपीएल में मुंबई इंडियंस को 12 रन से हरा दिया। लखनऊ की टीम ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद आठ विकेट पर 203 रन बनाए। जीत के लिए 204 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 191 रन ही बना सकी।